अर्जेंटीना के लिए यह वर्ल्ड कप अभी तक किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है. अर्जेंटीना जहां अपने पहले मैच में नई टीम आइसलैंड को नहीं हरा सकी और मुकाबला 1-1 के बराबरी पर छूटा जबकि दूसरे मैच में क्रोएशिया की टीम ने अर्जेंटीना को 3-0 से मात दे दी.
अर्जेंटीना के पहले दो मैचों में सर्वेश्रेष्ठ फुटबॉलरों में शुमार लियोनल मेसी भी रंग में नहीं दिखे और क्रोएशिया से हार के बाद तो अब अर्जेंटीना पर पहले ही दौर से बाहर होने का खतरा भी मंडरा रहा है. अगर ऐसा होता है तो यह संभवतः अपना आखिरी विश्वकप खेल रहे मेसी के सपने के टूट जाने सरीखा भी होगा.
हालांकि अभी भी अर्जेंटीना के लिए सब कुछ खत्म नहीं हुआ है, आइसलैंड और नाइजीरिया के बीच खेले गए मैच में नाइजीरिया की जीत ने अर्जेंटीना को एक लाइफलाइन दे दी है. अगर किस्मत ने अर्जेंटीना और मेसी का साथ दिया तो अर्जेंटीना की टीम अभी भी अगले दौर में जगह बना सकती है.
हालांकि इसके लिए अब ग्रुप डी के बाकि के मैचों के नतीजे अर्जेंटीना के अनुकूल होने होंगे.अभी ग्रुप डी का जो समीकरण है उसमें अर्जेंटीना 1 अंक के साथ आखिरी पायदान पर है, जबकि क्रोएशिया 6 अंकों के साथ अगले दौर में पहुंच चुकी है. वहीं नाइजीरिया 3 अंकों के साथ जबकि आइसलैंड 1 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है. अब इस ग्रुप के आखिरी दो मुकाबलों में नाइजीरिया की टीम अर्जेंटीना से भिड़ेगी जबकि आइसलैंड का मुकाबला क्रोएशिया से होगा.
ऐसे में अगर:-
· क्रोएशिया की टीम आइसलैंड को और अर्जेंटीना, नाइजीरिया को हरा देती है तो इस स्थिति में अर्जेंटीना 4 अंको के साथ अगले दौर में पहुंच जाएगी.
· अगर अर्जेंटीना, नाइजीरिया को हरा दे और आइसलैंड, क्रोएशिया से जीत भी जाए तो दोनों टीमों के बराबर अंक हो जाएंगे, हालांकि अभी तक अर्जेंटीना ने ज्यादा गोल खाए हैं ऐसे में उसे इसका नुकसान भुगतना पड़ सकता है.
मतलब वर्तमान परिस्थिति में अर्जेंटीना को अपने आखिरी मुकाबले में बड़ी जीत के साथ अपने अगले दौर में पहुंचने का रास्ता खोल सकती है. ऐसे में अब अगले अगले मैच में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या मेसी अपनी टीम और अपने खुद के सपने को बचाने के लिए कोई यादगार प्रदर्शन कर पाते हैं या नहीं.