चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए IPL सीजन 12 के 25वें मुकाबले में 4 विकेट से हरा दिया और पॉइंट्स टेबल में अपना पहला स्थान बरकरार रखा. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 151 रन बनाए और चेन्नई सुपर किंग्स को जीत के लिए 152 रनों का टारगेट दिया. जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट गंवा कर 155 रन बना लिए और राजस्थान रॉयल्स को धूल चटा दी.
चेन्नई को आखिरी ओवर में जीत के लिए 18 रनों की दरकार थी. रवींद्र जडेजा (नाबाद 9) ने निर्णायक ओवर फेंकने आए बेन स्टोक्स की पहली ही गेंद पर छक्का मारा. अगली गेंद नो बॉल हो गई और इस पर एक रन भी आया. महेंद्र सिंह धोनी (58) स्ट्राइक पर थे. उन्होंने ओवर की दूसरी गेंद पर दो रन लिए लेकिन अगली गेंद पर स्टोक्स ने उन्हें बोल्ड कर दिया.
चौथी गेंद पर मिशेल सेंटनर ने दो रन लिए. इस गेंद पर बावल हुआ क्योंकि चेन्नई का कहना था कि यह गेंद कमर से ऊपर थी इसलिए नो बॉल करार दी जानी चाहिए थी. इसी कारण धोनी भी मैदानी अंपायरों से बहस करने के लिए मैदान पर आ गए. लेकिन अंपायरों ने फैसला नहीं बदला. पांचवीं गेंद पर सेंटनर ने दो रन लिए. आखिरी गेंद पर जीतने के लिए चार रन की जरूरत थी यहां अगली गेंद वाइड हो गई. अब आखिरी गेंद पर तीन रन की दरकार थी सेंटनर ने आखिरी गेंद पर छक्का मार अपनी टीम को जीत दिलाई.
आसान से लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई शुरुआत में ही लड़खड़ा गई. उसने अपने चार विकेट महज 24 रनों के स्कोर पर ही खो दिए थे. पहले शेन वॉटसन (0) आउट हुए. उनके बाद सुरेश रैना (4), फाफ डु प्लेसिस (7) और फिर केदार जाधव (1) पवेलियन लौट लिए. यह चार विकेट गिराने में राजस्थान की फिल्डिंग ने अहम किरदार निभाया. रैना, जोफ्रा आर्चर की सीधी थ्रो पर रन आउट हुए तो वहीं जाधव को स्टोक्स ने गली पर बेहतरीन कैच लेकर मैदान से बाहर भेजा.
यहां से फिर कप्तान धोनी और रायडू ने मोर्चा संभाला और टीम को संकट से उभरने की कोशिश की. इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी कर चेन्नई को मैच में बनाए रखा. रायडू 18वें ओवर की चौथी गेंद पर 119 के कुल स्कोर पर आउट हो गए. उन्होंने 47 गेंदों पर दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 57 रनों की पारी खेली. धोनी ने 43 गेंदों की पारी में दो चौके और तीन छक्कों की मदद से अर्धशतकीय पारी खेली. रवींद्र जडेजा ने चार गेंदों पर एक छक्के की मदद से अहम नौ रन बनाए और नाबाद लौटे. सेंटनर भी तीन गेंदों पर एक छक्के की मदद से 10 रन बनाकर नाबाद रहे.
राजस्थान रॉयल्स की पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान की टीम 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 151 रन ही बना पाई. राजस्थान के लिए बेन स्टोक्स ने 26 गेंदों पर एक चौके की मदद से 28 रन बनाए. वह टीम के सर्वोच्च स्कोरर रहे. उनके अलावा जोस बटलर ने 23 रनों की पारी खेली. अंत में श्रेयस गोपाल ने सात गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 19 रनों की पारी खेल टीम को 150 के पार पहुंचाया. चेन्नई के लिए दीपक चहर, शार्दुल ठाकुर और रवींद्र जडेजा ने 2-2 विकेट लिए. मिशेल सेंटनर को एक सफलता मिली.
पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. तीसरे ही ओवर में दीपक चहर ने अजिंक्य रहाणे को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया. अंपायर ने पहले रहाणे को नॉट आउट दिया था. लेकिन, धोनी ने DRS लेने का फैसला किया और रिप्ले में पता चला कि गेंद रहाणे के स्टंप को हिट कर रही है जिसके बाद राजस्थान के कप्तान को पवेलियन लौटना पड़ा. रहाणे 14 रन बनाकर आउट हुए. अजिंक्य रहाणे के बाद जोस बटलर भी आउट हो गए. उन्हें शार्दुल ठाकुर ने अंबति रायडू के हाथों कैच आउट करा कर राजस्थान रॉयल्स को दूसरा झटका दे दिया. जोस बटलर 23 रन बनाकर आउट हुए.
चोट से वापसी करने के बाद इस मैच में उतरे संजू सैमसन सिर्फ छह रन ही बना सके. उन्हें 53 के कुल स्कोर पर मिशेल सेंटनर ने पवेलियन भेजा. राहुल त्रिपाठी (10) एक बार फिर विफल रहे. जडेजा ने उन्हें केदार जाधव के हाथों कैच कराया. 69 रनों पर अपने चार विकेट खोने वाली राजस्थान की उम्मीदें अब स्टीव स्मिथ से थीं, लेकिन यह बल्लेबाज भी तेजी से रन बनाने की कोशिश में सीमा रेखा के पास रायडू द्वारा लपके गए. स्मिथ का विकेट 78 के कुल स्कोर पर गिरा.
बेन स्टोक्स ने संयम भरी पारी खेलने की कोशिश, लेकिन जब उन्हें लगा कि गियर बदलने चाहिए, वह एक बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में चूक गए और दीपक की गेंद पर बोल्ड हो गए. उन्होंने 26 गेंदों पर एक चौके की मदद से 28 रन बनाए. पदार्पण कर रहे रियान पराग सिर्फ 16 रन ही बना सके. गोपाल ने आखिरी ओवर में 18 रन लेकर टीम को 150 के पार पहुंचाया. उनके साथ जोफ्रा आर्चर 13 रन बनाकर नाबाद लौटे.
इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है और राजस्थान रॉयल्स की टीम को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है. चेन्नई ने अपनी टीम में दो बदलाव किए हैं. हरभजन सिंह और स्कॉट कुग्लेन के स्थान पर शार्दुल ठाकुर और मिशेल सेंटनर टीम में आए हैं. राजस्थान ने रियान पराग को पदापर्ण का मौका दिया गया. संजू सैमसन ने वापसी की है. जयदेव उनादकट भी टीम में लौटे हैं. प्रशांत चोपड़ा, कृष्णप्पा गौतम, एस. मिथुन को बाहर जाना पड़ा है.
Heads is the call and heads it is. The @ChennaiIPL will bowl first against the @rajasthanroyals in Jaipur.#RRvCSK pic.twitter.com/3yVgNNoABb
— IndianPremierLeague (@IPL) April 11, 2019
प्लेइंग इलेवन:
राजस्थान: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), स्टीवन स्मिथ, संजू सैमसन, राहुल त्रिपाठी, बेन स्टोक्स, रियान पराग, जोफ्रा आर्चर, श्रेयस गोपाल, जयदेव उनादकट, धवल कुलकर्णी.
चेन्नई: शेन वॉटसन, फाफ डु प्लेसिस, सुरेश रैना, अंबति रायडू, एमएस धोनी (कप्तान और विकेटकीपर), केदार जाधव, रवींद्र जडेजा, दीपक चाहर, मिशेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, इमरान ताहिर.
Two changes for the @ChennaiIPL and three for the home team tonight.#RRvCSK pic.twitter.com/uYuVt8RvRF
— IndianPremierLeague (@IPL) April 11, 2019