scorecardresearch
 

राजिंदर गोयल के निधन पर बोले कोहली, हमने एक दिग्गज को खो दिया

विराट कोहली ने कहा, हमने राजिंदर गोयल जी के रूप में एक दिग्गज खो दिया. उन्हें रणजी ट्रॉफी के इतिहास में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज के रूप में याद किया जाता है.

Advertisement
X
Virat Kohli
Virat Kohli

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली सहित पूर्व क्रिकेटरों ने घरेलू क्रिकेट की हस्ती राजिंदर गोयल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें अपनी कला में माहिर खिलाड़ी करार दिया.

सचिन तेंदुलकर ने राजिंदर गोयल के निधन पर ट्वीट किया, ‘राजिंदर गोयल जी के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं. वह भारतीय घरेलू क्रिकेट के दिग्गज थे जिन्होंने रणजी ट्रॉफी में 600 से अधिक विकेट लिये. मैं उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं.’

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने इस दिग्गज स्पिनर के निधन पर शोक व्यक्त किया है. कोहली ने ट्वीट किया, ‘हमने राजिंदर गोयल जी के रूप में एक दिग्गज खो दिया. उन्हें रणजी ट्रॉफी के इतिहास में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज के रूप में याद किया जाता है जिससे उनके शानदार करियर का पता चलता है. ईश्वर उनके परिवार और प्रियजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करे.’

Advertisement

बाएं हाथ के स्पिनर गोयल ने हरियाणा और उत्तर क्षेत्र की तरफ से खेलते हुए 157 मैचों में 750 विकेट लिये. वह 1958-59 से 1984-85 तक क्रिकेट खेलते रहे लेकिन उन्हें कभी भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका नहीं मिला, क्योंकि तब भारत के पास बिशन सिंह बेदी के रूप में बाएं हाथ के स्पिनर थे.

गोयल ने अपने जीवन में कभी इसकी शिकायत नहीं की और बेदी ने भी उन्हें संतोषी व्यक्ति बताया. बेदी ने ट्वीट किया, ‘मैं जितने लोगों को जानता हूं उनमें राजिंदर गोयल सबसे अधिक संतोषी इंसान थे. मैं अपने मुश्किल दिनों में संतोष की उनकी भावना से ईर्ष्या करता था. ईश्वर आपकी आत्मा को शांति प्रदान करे गोयली. आपने रणजी ट्रॉफी को जीवंत रखने के लिए अपनी जी जान लगाई.’

पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन, क्रिकेटर से कमेंटेटर बने संजय मांजरेकर, युवराज सिंह, हरभजन सिंह और वर्तमान सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने भी गोयल के निधन पर शोक जताया. मांजरेकर ने कहा कि वह गोयल के गेंदबाजी रिकॉर्ड से हैरान हैं.

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement