वनडे रैंकिंग की नंबर-1 टीम इंग्लैंड ने आज से ठीक दो साल पहले वनडे इंटरनेशनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाया था. 19 जून 2018 को इंग्लैंड ने पुरुषों के वनडे क्रिकेट में सर्वोच्च स्कोर का नया रिकॉर्ड बनाते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ छह विकेट पर 481 रन बना डाले थे.
ट्रेंट ब्रिज (नॉटिंघम) में एलेक्स हेल्स ने झे रिचर्डसन को 46वें ओवर में छक्का लगाकर टीम को 444 के पिछले रिकॉर्ड के पार पहुंचाया. पिछला रिकॉर्ड भी इंग्लैंड के ही नाम था, जिसने 2016 में पाकिस्तान के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में ही 444/3 रन बनाए थे.
हेल्स-बेयरस्टो की तूफानी बल्लेबाजी
हेल्स ने 92 गेंदों में 147 (16 चौके और पांच छक्के) और जॉनी बेयरस्टो ने 92 गेंदों में 139 रन (15 चौके और पांच छक्के) बनाए. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 151 रनों की साझेदारी की. इस साझेदारी से पहले बेयरस्टो ने जेसन रॉय के साथ पहले विकेट के लिए 159 रन जोड़े थे. रॉय ने भी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को जमकर धोया.
जेसन रॉय ने 61 गेंदों में सात चौके और चार छक्के की मदद से 82 रन बनाए. कप्तान इयोन मॉर्गन ने भी 30 गेंदों में 67 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें छह छक्के और तीन चौके शामिल थे.
WHAT AN INNINGS!
Hales 147
Bairstow 139
Roy 82
Morgan 67
England - a giant 481/6!
How will Australia respond to a world record ODI score?#ENGvAUS LIVE ➡️ https://t.co/rFDHDWQO0r pic.twitter.com/ED3Fw5Jlv1
— ICC (@ICC) June 19, 2018
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज एंड्रयू टाई ने नौ ओवरों में 100 रन चुकाए. तब टाई वनडे की पारी में 100 या इससे ज्यादा रन खर्च करने वाले 12वें गेंदबाज बने थे. अब तक 13 गेंदबाजों ने वनडे में 100 या इससे ज्यादा रन लुटाए हैं.
वनडे के टॉप-5 सर्वाधिक स्कोर
1. इंग्लैंड 481/6 रन- विरुद्ध ऑस्ट्रेलिया- नॉटिंघम (2018)
2. इंग्लैंड 444/3 रन- विरुद्ध पाकिस्तान- नॉटिंघम (2016)
3. श्रीलंका 443/9 रन- विरुद्ध नीदरलैंड्स- एम्सटेलवीन (2006)
4. साउथ अफ्रीका 439/2 रन- विरुद्ध वेस्टइंडीज- जोहानिसबर्ग (2015)
5. साउथ अफ्रीका 438/9 रन- विरुद्ध ऑस्ट्रेलिया- जोहानिसबर्ग (2006)
इंग्लैंड ने लिस्ट-ए मैचों में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर (481/6) बनाया. लिस्ट-ए क्रिकेट का रिकॉर्ड सरे के नाम है, जिसने ओवल (लंदन) में 2007 में ग्लूस्टरशायर के खिलाफ 496/4 रनों का स्कोर खड़ा किया था.
आखिरकार अतुलनीय लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम 37 ओवरों में 239 रनों पर सिमट गई. इंग्लैंड ने 242 रनों से यह मुकाबला जीता था.