मुंबई इंडियंस ने टी-20 क्रिकेट में इतिहास रचा है. आईपीएल में तीन बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस की टीम ने शनिवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में उतरते ही बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली. मुंबई इंडियंस टी-20 के 200 मैच खेलने वाली पहली टीम बन गई. इंग्लिश काउंटी क्रिकेट क्लब सॉमरसेट ने फिलहाल 199 मैच खेले हैं. हैम्पशायर ने अब तक 194 मैचों में जोर आजमाइश की है.
मुंबई ने 2008-2019 के दौरान अपने 200वें मैच से पहले तक 112 मैच जीते और 84 गंवाए. उसने Tie रहा 1 मैच टाइब्रेकर (सुपर ओवर या बॉलआउट) में जीता, जबकि 2 मुकाबले बेनतीजा रहे. यानी जीत का प्रतिशत 57.10 है.
दूसरी तरफ सॉमरसेट ने 2003-2018 के दौरान 199 में से 95 में जीत हासिल की, जबकि 92 में उन्हें मात मिली. 2 मैच टाई रहे. उसने 1 टाई रहा मैच टाइब्रेकर में जीता और 9 मैच बेनतीजा रहे. यानी जीत का प्रतिशत 50.78 रहा.
आपको बता दें कि शनिवार शाम राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में रॉयल्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस टीम को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया. मुंबई इंडियंस में रोहित शर्मा की वापसी हुई. उन्होंने टीम में सिद्देश लाड की जगह ली.
Captain Rohit back in form with 47(32) https://t.co/UQN1R5fUvT via @ipl
— bishwa mohan mishra (@mohanbishwa) April 13, 2019
मुंबई इंडियंस को कप्तान रोहित शर्मा और क्विंटन डि कॉक ने अच्छी शुरुआत दी. इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 96 रनों की साझेदार की. 11वें ओवर में रोहित शर्मा को जोफ्रा आर्चर ने जोस बटलर के हाथों कैच आउट करवा कर मुंबई इंडियंस को पहला झटका दे दिया. रोहित शर्मा 47 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने अपनी 32 गेंदों की पारी में 6 चौके और एक छक्का लगाया. टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 187/5 रन बनाए.