scorecardresearch
 

IND vs WI: फ्लोरिडा में भारत ने मारी बाजी, इंडीज को हरा सीरीज में 1-0 से बढ़त

India vs West Indies Live Cricket Score, T20I Match: भारत ने वेस्टइंडीज को तीन मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में 4 विकेट से मात देकर 1-0 से बढ़त बना ली है.

Advertisement
X
India vs West Indies 1st T20I Live Score
India vs West Indies 1st T20I Live Score

भारत ने वेस्टइंडीज को तीन मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में 4 विकेट से मात देकर 1-0 से बढ़त बना ली है. फ्लोरिडा (अमेरिका) के सेंट्रल ब्रोवार्ड रीजनल पार्क स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट गंवा कर 95 रन बनाए और भारत के सामने जीत के लिए 96 रनों का लक्ष्य रखा. वेस्टइंडीज की तरफ से कीरोन पोलार्ड ने सबसे ज्यादा 49 रन बनाए. भारत के लिए डेब्यू करने वाले नवदीप सैनी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए. 96 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने 17.2 ओवर में 6 विकेट गंवा कर 98 रन बनाए और यह मैच 4 विकेट से अपने नाम कर लिया. भारत के लिए उपकप्तान रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 24 रन बनाए. कप्तान विराट कोहली और मनीष पांडे ने 19-19 रनों का योगदान दिया.

Advertisement

इस जीत ने जहां एक बार फिर भारतीय गेंदबाजी की मजबूती दिखाई वहीं उसके बल्लेबाजों ने निराश किया. भारत के लिए 96 रनों के लक्ष्य को हासिल करना टेढ़ी खीर साबित हुआ. उसने 96 रनों के लक्ष्य को पाने के लिए छह विकेट खो दिए और 17.2 ओवरों में लक्ष्य हासिल किया. भारत के सीनियर बल्लेबाज अंत तक नहीं टिक सके वहीं युवा बल्लेबाजों ने भी गलत शॉट चयन के कारण जल्दबाजी में विकेट फेंके. भारत के उपकप्तान रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 24 रनों का योगदान दिया लेकिन रोहित के सलामी जोड़ीदार शिखर धवन सिर्फ एक रन ही बना सके. अंगूठे की चोट से वापसी कर रहे धवन दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर शेल्डन कॉटरेल की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट दे दिए गए.

विराट कोहली (19) और रोहित ने टीम का स्कोर 32 पहुंचाया. यहां नरेन ने रोहित को पवेलियन भेज दिया. युवा बल्लेबाज ऋषभ पंत आते ही छक्का लगाने की जल्दबाजी में दिखे और पहली ही गेंद पर सीमा रेखा के पास कॉटरेल के हाथों लपके गए. मनीष पांडे अच्छा खेल रहे थे लेकिन कीमो पॉल की गेंद उनकी गिल्लियां बिखेर ले गई. पांडे ने 19 रन बनाए.

64 रनों पर भारत ने चार विकेट खो दिए थे. कोहली हालांकि दूसरे छोर पर थे लेकिन पांच रन बाद वह भी एक गलत शॉट खेल आउट हो गए. क्रुणाल पंड्या अपनी पारी को 12 रनों से आगे नहीं ले जा पाए. पॉल ने पंड्या को 88 रनों पर पवेलियन भेजा. रवींद्र जडेजा 10 रन बनाकर नाबाद लौटे. वॉशिंगटन सुंदर (नाबाद 8) ने छक्का मार भारत को जीत दिलाई. विंडीज के लिए पॉल, नरेन और कॉटरेल ने दो-दो सफलताएं अर्जित कीं.

Advertisement

वेस्टइंडीज की पारी

वेस्टइंडीज की टीम पहले टी-20 मैच में भारतीय गेंदबाजों के सामने लड़खड़ा गई और पूरे 20 ओवर खेलने के बाद नौ विकेट खोकर 95 रन ही बना सकी. फ्लोरिडा में खेले जा रहे इस मैच में विंडीज के बल्लेबाज तेजी से रन बनाने की जल्दबाजी में लगातार विकेट खोते रहे. सिर्फ कीरोन पोलार्ड ने ही धैर्य के साथ बल्लेबाजी कर विकेट पर जमने का साहस दिखाया और अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा 49 रन बनाए.

भारत के लिए अपना पहला इंटरनैशनल मैच खेल रहे तेज गेंदबाज नवदीप सैनी ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए. उन्होंने चार ओवरों में एक मेडन ओवर निकाला और सिर्फ 17 रन दिए. भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीत गेंदबाजी का फैसला किया. जॉन कैम्पवेल ने वॉशिंगटन सुंदर द्वारा फेंके गए पहले ओवर की दूसरी गेंद पर ही बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया और क्रुणाल पंड्या को कैच दे बैठे. विंडीज ने बिना खाता खोले एक विकेट खो दिया था.

आठ के कुल स्कोर पर भुवनेश्वर कुमार ने दूसरे सलामी बल्लेबाज इविन लुइस का विकेट भी गिरा दिया. निकोलस ने पोलार्ड के साथ मिलकर टीम को संभालने का प्रयास किया लेकिन सैनी की गेंद पूरन के बल्ले का किनारा ले विकेटों पर जा लगी और विंडीज ने 28 रनों पर अपना तीसरा विकेट खो दिया. सैनी ने अगली ही गेंद पर शिमरन हेटमेयर को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया.

रोवमैन पॉवेल चार के निजी स्कोर पर खलील अहमद का शिकार बने. उनके जाने से विंडीज का स्कोर 33 रनों पर पांच विकेट हो गया. पोलार्ड ने यहां कुछ तेजी से रन बनाए. उन्होंने कप्तान कार्लोस ब्रैथवेट के साथ छठे विकेट के लिए 34 रन जोड़े. इनमें से कप्तान ने सिर्फ नौ रन बनाए थे और वह 67 के कुल स्कोर पर पंड्या का शिकार हो गए.

Advertisement

रवींद्र जडेजा ने सुनील नरेन (2) और भुवनेश्वर ने कीमो पॉल (3) को आउट कर विंडीज का स्कोर 88 रनों पर आठ विकेट कर दिया. अंत में पोलार्ड से तेजी से रन बनाने की उम्मीद थी लेकिन वो ज्यादा कुछ नहीं कर पाए. सैनी ने आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर उन्हें एलबीडब्ल्यू करा दिया.

पोलार्ड ने 49 गेंदों का सामना किया और चार छक्कों के अलावा दो चौके भी लगाए. विंडीज के सिर्फ दो बल्लेबाज की दहाई के आंकड़े तक पहुंच सके. भारत के लिए सैनी के अलावा भुवनेश्वर कुमार ने दो विकेट लिए. सुंदर, अहमद, पंड्या और जडेजा को एक-एक विकेट मिला.

भारत ने जीता टॉस

टीम इंडिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है और वेस्टइंडीज को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है. भारत ने नवदीप सैनी को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू का मौका दिया है. शिखर धवन, मनीष पांडे, वॉशिंगटन सुंदर और खलील अहमद की वापसी हुई है. वेस्टइंडीज ने आंद्रे रसेल की जगह टीम में आए जेसन मोहम्मद को अंतिम-11 में नहीं चुना है.

प्लेइंग इलेवन:

भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, मनीष पांडे, ऋषभ पंत, क्रुणाल पंड्या, रवींद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, वॉशिंगटन सुंदर, खलील अहमद और नवदीप सैनी.

Advertisement

वेस्टइंडीज : कार्लोस ब्रैथेवट (कप्तान), इविन लुइस, निकोलस पूरन, कीरोन पोलार्ड, सुनील नरेन, शेल्डन कॉटरेल, कीमो पॉल, जॉन कैम्पवेल, ओशाने थॉमस, रोवमैन पावेल और शिमरोन हेटमेयर.

Advertisement
Advertisement