भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर खेला जा रहा है. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया पहली पारी में 242 रनों पर ऑलआउट हो गई. टीम इंडिया के लिए हनुमा विहारी ने सबसे ज्यादा 55 रनों की पारी खेली जबकि चेतेश्वर पुजारा और पृथ्वी शॉ ने 54-54 रन बनाए. न्यूजीलैंड की तरफ से काइल जेमिसन ने 5 विकेट झटके. इसके बाद न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में बिना कोई विकेट गंवाए 63 रन बना लिए हैं. पहले दिन का खेल खत्म होने तक टॉम लाथम (27 रन) और टॉम ब्लंडेल (29 रन) क्रीज पर थे. न्यूजीलैंड अभी भारत के स्कोर से 204 रन पीछे है.
242 रनों पर सिमटी भारत की पहली पारी
भारतीय क्रिकेट टीम कीवी गेंदबाजों के कहर के आगे अपनी पहली पारी में 242 रनों पर ढेर हो गई. भारतीय टीम एक समय पांच विकेट पर 194 रन बनाकर थोड़ी सम्माजनक स्थिति में थी, लेकिन वह 48 रन और जोड़कर 242 रन पर सिमट गई. टीम इंडिया के लिए हनुमा विहारी ने सबसे ज्यादा 55 रनों की पारी खेली जबकि चेतेश्वर पुजारा और पृथ्वी शॉ ने 54-54 रन बनाए. इसके अलावा कप्तान विराट कोहली ने 3, मयंक अग्रवाल और अजिंक्य रहाणे ने 7-7 रन बनाए. न्यूजीलैंड की तरफ से काइल जेमिसन ने 5 विकेट झटके.
भारत की तरफ से ओपनिंग करने पृथ्वी शॉ और मयंक अग्रवाल उतरे. न्यूजीलैंड की तरफ से पहला ओवर टिम साउथी ने फेंका जिसमें उन्होंने एक भी रन नहीं दिया. दूसरा ओवर ट्रेंट बोल्ट ने फेंका. दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर शॉ ने शानदार चौका जड़ा. इससे पहले पहली गेंद पर मयंक ने एक रन लिया था. दूसरे ओवर में भारत ने अपने स्कोर कार्ड में कुल 6 रन जोड़े.
छठे ओवर की पहली गेंद पर मयंक ने भी चौका जड़ा. ओवर की चौथी गेंद को जज करने में मयंक चूके और उन्हें एलबीडब्ल्यू करार दिया गया. इस तरह ट्रेंट बोल्ट को जहां पहली सफलता मिली वहीं दूसरी ओर भारत को पहला झटका लगा. 20वें ओवर की पहली गेंद पर भारत का दूसरा विकेट गिरा. पृथ्वी शॉ ने 64 गेंदों में 54 रन की शानदार पारी खेली. पृथ्वी शॉ ने पुजारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी की. विराट कोहली 3 रन पर पवेलियन लौट गए.
टिम साउदी ने कोहली को एलबीडब्ल्यू आउट किया. कोहली पहले मैच में भी कुछ खास कमाल नहीं दिख पाए थे और इस मैच में भी उनका बल्ला रूठा ही रहा. पहले मैच में कीवी गेंदबाजों का जमकर सामने करने वाले उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे इस मैच में चल नहीं सके. रॉस टेलर ने साउदी की गेंद पर उनका कैच पकड़ा. रहाणे ने सिर्फ सात रन बनाए.
रहाणे के जाने के बाद पुजारा और विहारी ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और पांचवें विकेट के लिए 81 रन जोड़े. इस बीच पुजारा ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. विहारी ने भी पुजारा का बखूबी साथ देते हुए 55 रनों की पारी खेली, लेकिन नील वैगनर की एक गेंद 194 के कुल स्कोर पर उन्हें पवेलियन पहुंचाने में सफल रही. विहारी ने 70 गेंदों का सामना कर 10 चौके मारे.
चेतेश्वर पुजारा 54 रन बनाकर आउट हुए. पुजारा काइल जेमिसन की गेंद पर बीजे वॉटलिंग के हाथों कैच आउट हुए. 207 के स्कोर पर ऋषभ पंत (12) बोल्ड हो गए. इसके बाद भारत ने अपना आठवां विकेट इसी स्कोर पर उमेश यादव (0) के रूप में और नौवां विकेट 216 के स्कोर पर रवींद्र जडेजा (9) के रूप में और अंतिम विकेट 242 के स्कोर पर मोहम्मद शमी (16) के रूप में गंवाया.
भारत को मिली पहले बैटिंग की चुनौती
न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और ग्रीन टॉप विकेट पर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया. टीम इंडिया में दो बदलाव किए गए. अनफिट तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा की जगह उमेश यादव को उतारा गया, जबकि आर. अश्विन की जगह इस मैच में बाएं हाथ के स्पिनर रवींद्र जडेजा को मौका मिला.
New Zealand have won the toss and they will bowl first in the 2nd Test.#NZvIND pic.twitter.com/YjiGwdj8a7
— BCCI (@BCCI) February 28, 2020
Canvas for the match.#NZvIND pic.twitter.com/5ytaUK7RW7
— BCCI (@BCCI) February 28, 2020
हेगले ओवल में क्या है रिकॉर्ड
क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल की बात करें, तो इस स्टेडियम में अब तक भारत ने एक भी टेस्ट मैच नहीं खेला है. हेगले ओवल में 2014 से टेस्ट मैच खेले जा रहे हैं. न्यूजीलैंड ने यहां खेले गए 6 मैचों में से 4 में जीत हासिल की है और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक मैच गंवाया है. जबकि एक ड्रॉ रहा. दिलचस्प यह है कि हेगले ओवल में हर बार टॉस जीतने वाली टीम ने पहले फील्डिंग की है.
इस प्रकार हैं टीमें -
भारत: विराट कोहली (कप्तान), मयंक अग्रवाल, पृथ्वी शॉ, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, उमेश यादव.
न्यूजीलैंड: केन विलियमसन (कप्तान), टॉम ब्लंडेल, टॉम लाथम, हेनरी निकोल्स, रॉस टेलर, कोलिन डी ग्रैंडहोम, बीजे वॉटलिंग (विकेटकीपर), काइल जेमिसन, टिम साउदी, ट्रेंट बोल्ट, नील वैगनर.