साउथ अफ्रीका ने आईसीसी की जारी ताजा वनडे टीम की रैंकिंग में टीम इंडिया को पछाड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है. आईसीसी की ओर से जारी ताजा रैंकिंग से यह जानकारी मिली है .
साउथ अफ्रीका की टीम 52 मैचों में 6,244 अंक हासिल कर आईसीसी की वनडे टीमों की रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंच गई है. बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए दूसरे वनडे मैच में मिली जीत के साथ ही अफ्रीका ने शीर्ष स्थान हासिल किया है.
टीम इंडिया एक स्थान से फिसलते हुए दूसरे स्थान पर आ पहुंची है. उसके पास 50 मैचों में 5,993 अंक हैं. भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को पांच वनडे मैचों की सीरीज में 4-1 से मात देकर रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया था.
दोनों टीमों की रेटिंग 120-120 है, लेकिन दशमलव गणना में अफ्रीकी टीम भारत से आगे है. भारतीय टीम अब रविवार से न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी. पहला मैच दोनों टीमों के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. ऐसे में भारत के पास दोबारा नंबर 1 बनने का मौका होगा.
ICC वनडे रैंकिंग: टॉप-8
द. अफ्रीका, रेटिंग - 120
भारत - 120
ऑस्ट्रेलिया - 114
इंग्लैंड - 114
न्यूजीलैंड - 111
पाकिस्तान - 98
बांग्लादेश - 92
श्रीलंका - 84