हर इंसान के मन में धन और वैभव की कामना होती है और इसे पाने के लिए वो लगातार प्रयास भी करता है लेकिन हर किसी के जीवन में मां लक्ष्मी की कृपा नहीं होती है. ज्योतिष के जानकारों की मानें तो मां लक्ष्मी की कृपा पाने के लिए उनको प्रसन्न करना ज़रूरी है और कहा ये भी जाता है कि धन की ये देवी आसानी से प्रसन्न नहीं होतीं. तो आखिर कैसे प्रसन्न होंगी मां लक्ष्मी और क्या है धन की देवी की महिमा....
माँ लक्ष्मी की महिमा-
- धन और संपत्ति की अधिष्ठात्री देवी हैं- माँ लक्ष्मी.
- मान्यता है कि समुद्र से हुआ था मां लक्ष्मी का जन्म और इन्होंने श्रीहरि से विवाह किया था.
- मां लक्ष्मी की पूजा से धन के साथ-साथ वैभव का वरदान भी मिलता है.
- अगर मां लक्ष्मी नाराज़ हो जाएं तो घोर दरिद्रता का सामना करना पड़ता है.
- ज्योतिष में शुक्र ग्रह से जोड़ा जाता है मां लक्ष्मी का संबंध.
- केवल माँ लक्ष्मी की उपासना करने से धन मिलता है.
- गणेश जी के साथ इनकी पूजा करने से धन और बुद्धि मिलती है.
- श्रीहरि विष्णु के साथ इनकी पूजा करने से सम्पूर्ण सम्पन्नता मिलती है.
धन की देवी हैं मां लक्ष्मी लेकिन इनकी उपासना से केवल धन ही नहीं मिलता बल्कि मां लक्ष्मी और भी तमाम वरदान देती हैं. तो आइए जानते हैं कि मां लक्ष्मी की उपासना के क्या-क्या लाभ होते हैं...
लक्ष्मी पूजन के लाभ?
- इनकी पूजा से केवल धन ही नहीं बल्कि नाम औऱ यश भी मिलता है
- इनकी उपासना से दाम्पत्य जीवन भी बेहतर होता है
- धन की समस्या कितनी भी बड़ी हो, लेकिन अगर लक्ष्मी जी की विधिवत उपासना की जाय तो धन ज़रूर मिलता है
अलग-अलग समस्याओं और कामनाओं के लिए मां लक्ष्मी की अलग उपासना का विधान है. अगर आपको कारोबार में धन लाभ पाना हो तो करें ये उपाय.....
कारोबार में लाभ पाने के लिए-
- कारोबार वाले स्थान पर लक्ष्मी, गणेश और श्रीहरि विष्णु की स्थापना करें
- लक्ष्मी जी के दाईं ओर श्रीहरि और बाईं ओर गणपति को स्थापित करें
-रोज सुबह काम शुरू करने के पहले उनको एक गुलाब का फूल चढ़ाएँ
- उनके सामने घी का दीपक और गुलाब की सुगंध वाली धूप जलाएँ
नौकरी में धन पाने के लिए-
- पूजा के स्थान पर कमल के फूल पर बैठी हुई लक्ष्मी जी के चित्र की स्थापना करें
- चित्र में अगर दोनों तरफ से हाथी सूंढ़ में भरकर जल गिरा रहे हों तो और भी उत्तम होगा
- इस चित्र के सामने शाम को घी का दीपक जलाएँ और माँ लक्ष्मी को इत्र अर्पित करें
- रोज शाम पूजा के समापन के बाद तीन बार शंख जरूर बजाएँ
धन की देवी की उपासना से आपके जीवन में अपार धन और संपत्ति आ सकती है. अपनी ज़रूरतों के मुताबिक मां लक्ष्मी की उपासना कीजिए. उन्हें प्रसन्न कीजिए, फिर सुखी और संपन्न जीवन का आनंद उठाइए.