
इंदौर की ऐतिहासिक रंगपंचमी गेर में जुटने वाली करीब 5 लाख की भीड़ को निशाना बनाने के लिए बाहरी राज्यों से आए अपराधियों के एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ है. क्राइम ब्रांच और छोटी ग्वालटोली पुलिस ने सरवटे बस स्टैंड क्षेत्र की होटलों में सर्चिंग कर बिहार और नेपाल से आए 20 संदिग्धों को हिरासत में लिया है.
एडिशनल डीसीपी रामसनेही मिश्रा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बाहरी राज्यों से आए कुछ संदिग्ध लोग गेर के दौरान बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं.
इसके बाद क्राइम ब्रांच और स्थानीय ग्वालटोली पुलिस ने संयुक्त रूप से सरवटे बस स्टैंड और आसपास के होटलों में सर्चिंग अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान बिहार के चंपारण और आसपास के इलाकों से आए कुछ आरोपियों को पकड़ा गया, जो फ्लाइट से इंदौर पहुंचे थे.
हिरासत में लिए गए 15 संदिग्ध बिहार के पूर्वी पश्चिमी चंपारण से फ्लाईट में बैठकर इंदौर आए थे, वहीं पांच आरोपी नेपाल के काठमांडू से फ्लाईट से इंदौर पहुंचे थे.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि नेपाल से भी पांच संदिग्ध लुटेरे फ्लाइट के जरिए इंदौर आए थे. सभी का उद्देश्य रंगपंचमी की प्राचीन गेर में शामिल होने वाली करीब पांच लाख की भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल और सोने के आभूषण चोरी करना था. सभी आरोपी होटल नीलम और होटल गौरव में रुके हुए थे.

पुलिस के मुताबिक आरोपी भीड़भाड़ वाले आयोजनों में जेबकतरी और लूट की वारदात करने में माहिर हैं. समय रहते कार्रवाई कर पुलिस ने बड़ी घटना को टाल दिया. फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है.