साहित्य आजतक लखनऊ का मंच सज चुका है. रविवार को 'हंसते-हंसते कट जाएं रस्ते' सेशन में कई हास्य कलाकार और मिमिक्री आर्टिस्ट ने शिरकत की. कुमार शशि वर्धन, दीपक सैनी, विभोर चौधरी और सौरभ सिंघल जैसे कलाकारों ने अपने खास अंदाज में दर्शकों को खूब हंसाया और गुदगुदाया.
अखिलेश यादव की मिमिक्री के लिए मशहूर कुमार शशि वर्धन मंच पर हूबहू अखिलेश यादव की ही वेशभूषा में पहुंचे और उन्होंने बीजेपी पर तंज के बाण चलाए. अखिलेश यादव के अलावा उन्होंने मुलायम सिंह यादव और शिवपाल यादव की भी मिमिक्री की.
अमित शाह की आवाज में दिया जवाब
हास्य कलाकार दीपक सैनी ने भी अमित शाह की आवाज में उन्हें जवाब दिया. इसके अलावा उन्होंने अरविंद केजरीवाल, लालू यादव, नवजोत सिंह सिद्धू, अशोक गहलोत, राजनाथ सिंह, राहुल गांधी, राकेश टिकैत, स्वामी रामदेव और धीरेंद्र शास्त्री की भी मिमिक्री की.
विभोर चौधरी ने कहा कि वह 14 फरवरी वैलेंटाइन डे वाले दिन यूपी इसलिए नहीं आए क्योंकि सोशल मीडिया पर उन्होंने रील देखीं जिनमें कहा जा रहा था- 'जहां मिलेंगे बाबू-सोना, तोड़ देंगे कोना-कोना'. उन्होंने सरकार के बुलडोजर एक्शन पर भी तंज कसा और विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी नहीं छोड़ा.
सिंगर्स, राजनेता और खिलाड़ियों की मिमिक्री
सौरभ सिंघल ने कई सिंगर्स की आवाज में गाने गाए. उन्होंने कुमार सानू, हेमंत कुमार, अदनान सामी, अन्नू मलिक से लेकर जावेद अख्तर, सोनू निगम, सुखविंदर की मिमिक्री की. राजनेताओं और स्पोर्ट्समैन में सौरभ ने अटल बिहारी वाजपेयी, मुलायम सिंह यादव, अन्ना हजारे, इमरान खान, रवि शास्त्री, सचिन तेंदुलकर, सहवाग, धोनी और इंजमाम-उल-हक की आवाज निकालकर सभी को चौंका दिया.