आज के समय हर कोई खुद को स्टाइलिश और फैशनेबल बनाना चाहता है ताकि लोगों का ध्यान उन पर रहे. कई लोग स्टाइलिश दिखने के लिए बहुत पैसा भी खर्च करते हैं. वो बड़े से बड़े ब्रांड के महंगे कपड़े, एक्सेसरीज और ब्यूटी प्रोडक्ट खरीदते हैं. कई बार तो लोग स्टाइलिश दिखने की होड़ में ऐसे कपड़े खरीद लेते हैं जिनमें वो कम्फर्टेबल नहीं होते और बाद में उन्हें पछताना पड़ता है. कुछ ऐसा ही हुआ एड्रिएन रेउ के साथ जिन्होंने इटली के एक बड़े ब्रांड की एक माइक्रो मिनी स्कर्ट खरीदी जिसे पहनने के बाद वो ना तो ठीक से चल पा रही थीं और ना ही बैठ पा रही थीं. इस मिनी स्कर्ट की कीमत एक हजार डॉलर यानी भारतीय रुपयों में करीब 82 हजार है.
लड़की ने विडियो शेयर कर बताया अपना एक्सपीरिएंस
अमेरिका की रहने वाली एड्रिएन रेउ खुद एक फैशन और स्टाइल इन्फ्लुएंसर हैं. वो टिकटॉक पर विडियो भी बनाती हैं और उनके फॉलोअर्स की संख्या भी तगड़ी है. उन्होंने हाल ही में टिकटॉक पर अपना एक विडियो शेयर किया जिसमें वो इटली के एक ब्रैंड डीजल के एक पार्सल को खोलती दिखाई दीं. इस पैकेट के अंदर एक माइक्रो मिनी स्कर्ट थी जिसकी कीमत करीब 82 हजार रुपये थी. इस स्कर्ट को भूरे रंग के लेदर से बनाया गया था और उस पर ब्रांड के पहले लेटर 'डी' का मोनोग्राम भी था.
एड्रिएन ने अलग-अलग आउटफिट्स के साथ स्कर्ट को स्टाइल करते हुए टिकटॉक विडियो बनाया जिसे अब तक 10 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है. इस विडियो में वो स्कर्ट में काफी खुश दिखाई दीं. लेकिन इसके बाद टिकटॉक पर पोस्ट किए गए एक और वीडियो में उन्होंने खुलासा किया कि वो इस स्कर्ट को पाकर बहुत उत्साहित नहीं हुईं.
इस विडियो में सबसे पहले उन्होंने कहा, ''अगर मैं इसे पोस्ट करूं तो क्या ब्रैंड डीजल मुझसे नफरत करेगा?''
एड्रिएन ने विडियो में आगे कहा, ''मैं इसकी पैकेजिंग और मटीरियल से काफी निराश हूं. मैं उम्मीद करती हूं कि एक हजार डॉलर की चीज किसी अच्छी पैकेजिंग में मेरे पास डिलीवर होगी. लेकिन उसे बेढंगेपन से एक डिब्बे में भरकर भेजा गया था.''
सोचा ना था कि इतनी महंगी ड्रेस की क्वालिटी इतनी खराब होगी
एड्रिएन ने स्कर्ट की क्वालिटी और साइज की भी शिकायत की. उन्होंने कहा कि ये स्कर्ट लेदर से बनी है लेकिन इसकी बनावट ऐसी है जैसे ये रबर से बनी हो. ऊपर से इसमें वेल्क्रो लगा हुआ था, उसकी वजह से भी स्कर्ट की फिटिंग खराब हो रही थी और वेल्क्रो पहनने पर दिखाई भी दे रहा था. अगर इसकी जगह बटन लगे होते थे तो वो स्कर्ट को ज्यादा बेहतर फिटिंग देते.
मैं इस स्कर्ट के पीछे पागल थी
एड्रिएन ने कहा, ''आप इस स्कर्ट को पहनकर पब्लिक प्लेसेस में जाने की कल्पना भी नहीं कर सकते. मैं इसे पहनकर एक बार बाहर गई लेकिन इसमें बैठ तक नहीं पा रही थी जिसके बाद मुझे वापस घर आकर इसे बदलना पड़ा. मुझे बहुत गुस्सा आ रहा था. मुझे वाकई बहुत निराशा हुई क्योंकि मैं इस स्कर्ट को खरीदने के लिए बेताब थी. लेकिन इतनी परेशानी झेलने के बाद मुझे लगता है कि मुझे इसे वापस करना होगा. सॉरी डीजल.''
उन्होंने उसी दिन इंस्टाग्राम पर भी स्कर्ट के बारे में पोस्ट किया था लेकिन बाद में अपने पोस्ट के कैप्शन को बदल दिया. इसमें उन्होंने लिखा, ''ठीक है, मैंने रबर की इस बेतुकी स्कर्ट को आखिरकार रखने का फैसला किया है.''
इस स्कर्ट को मूल रूप से मिलान फैशन वीक के दौरान डीजल के फॉल/विंटर 2022/2023 फैशन शो के लिए डिज़ाइन किया गया था. इसे वर्तमान में ब्रांड की वेबसाइट पर बेचा नहीं जा रहा है लेकिन ये स्कर्ट ऑनलाइन मौजूद है जहां इसकी कीमत 1,375 डॉलर से भी ऊपर है.
विडियो वायरल होने के बाद महंगे ब्रैंड्स और डिजाइनर कपड़ों पर सवाल उठाने लगे लोग
एड्रिएन का विडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने उनके वीडियो पर कमेंट भी किए और वेल्क्रो से बनी स्कर्ट पर इतना पैसा खर्च करने के उनके फैसले पर सवाल उठाए. एक यूजर ने कहा कि फैशन के नाम पर लोग कुछ भी पहन रहे हैं. वहीं एक यूजर्स ने लिखा कि इतनी बेहूदी स्कर्ट पर इतने पैसे बर्बाद हुए.
वहीं, एड्रिएन के वीडियो के जवाब में कुछ लोगों ने अपने विडियो भी शेयर किए और स्कर्ट के बचाव में ट्वीट किए.
इस एक ट्वीट के जवाब में उन्होंने कहा, ''मुझे पता नहीं था कि इसमें वेल्क्रो लगा था. मेरे पास 500 डॉलर का डीजल गिफ्ट कार्ड और 200 डॉलर का पेपल क्रेडिट था इसलिए मैंने इसे खरीद लिया.