कर्नाटक के यादगीर में एक स्वयंभू धर्मगुरु मल्लिकार्जुन मुत्या के खिलाफ मामला दर्ज हो गया है. बाबा पर नाबालिग बच्ची के साथ 'गंदी हरकत' करने का आरोप है जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है. खास बात ये है कि इस वीडियो को खुद पीड़िता के पेरेंट्स ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है.
वायरल वीडियो में मल्लिकार्जुन मुत्या एक 7 साल की बच्ची को अपनी गोद में बिठाए नजर आ रहे हैं. वीडियो में बाबा उसे चूमते भी दिखाई दे रहे हैं. इस दौरान बच्ची के पेरेंट्स भी वहीं खड़े उसे देख रहे हैं.
कर्नाटक राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने इस वीडियो का संज्ञान लिया और अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की. ऐसे में अब बाबा के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है.
बच्ची के माता-पिता को नहीं आपत्ति!
बच्ची के माता-पिता ने इस 'आपत्तिजनक' वीडियो को खुद रिकॉर्ड किया और फिर इसे सोशल मीडिया पर अपलोड भी किया. हालांकि उनके मुताबिक बाबा ने कुछ भी गलत नहीं किया है. कमिटी के निर्देशों के बाद, जिला बाल संरक्षण अधिकारियों ने बाबा के आश्रम का दौरा किया. उन्होंने बच्ची और उसके माता-पिता के बयान भी दर्ज किए.
यह भी पढ़ें: कौन हैं दो पीड़ित? क्या हैं आरोप? कौन करेगा जांच? कौन हैं दो बाबा आमने-सामने? जानें अविमुक्तेश्वरानंद केस के अपडेट
बाबा के चूमने से असहज दिखी बच्ची
यादगीर के पुलिस एसपी ने कहा, 'उन्हें (बाबा को) नोटिस जारी कर दिया गया है. हम जांच जारी रखेंगे. माता-पिता और बच्ची ने अपने बयान दर्ज कराए हैं; उन्हें बाबा के छूने में कुछ भी गलत नहीं लगा और उन्होंने खुद ही ये वीडियो रिकॉर्ड किया था. हालांकि, फुटेज से पता चलता है कि बच्चा असहज महसूस कर रहा था. काउंसलिंग के बाद, बाल कल्याण समिति ने FIR दर्ज करने की सिफारिश की.'