scorecardresearch
 

तेलंगाना में बवाल! कांग्रेस और BJP कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प, विधायक की कार पलटी

घटना भाजपा विधायक के कैंप कार्यालय के पास हुई. पूर्व सरपंच और कांग्रेस नेता गिरी रेड्डी महेंद्र रेड्डी अपने समर्थकों के साथ विधायक कार्यालय पहुंचे और विधायक डाउन-डाउन के नारे लगाए. इससे माहौल और गरमा गया.

Advertisement
X
पुलिस ने किसी तरह से लोगों को शांत कराया (Photo- ITG)
पुलिस ने किसी तरह से लोगों को शांत कराया (Photo- ITG)

तेलंगाना के कामारेड्डी में शनिवार को उस समय तनाव फैल गया जब कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई. विवाद की शुरुआत राज्य सरकार के सलाहकार मोहम्मद अली शब्बीर और भाजपा विधायक के वेंकट रमना रेड्डी के बीच एक जमीन मामले को लेकर हुई बयानबाजी से हुई.

घटना भाजपा विधायक के कैंप कार्यालय के पास हुई. पूर्व सरपंच और कांग्रेस नेता गिरी रेड्डी महेंद्र रेड्डी अपने समर्थकों के साथ विधायक कार्यालय पहुंचे और विधायक डाउन-डाउन के नारे लगाए. इससे माहौल और गरमा गया.

मोहम्मद अली शब्बीर ने आरोप लगाया था कि भाजपा विधायक ने संबंधित जमीन पर अतिक्रमण किया है. इस पर विधायक रामना रेड्डी ने खुली बहस की चुनौती दी. दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए, जिसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई.

हंगामे के दौरान कांग्रेस नेता महेंद्र रेड्डी की कार क्षतिग्रस्त हो गई और पलट गई. घटनास्थल से सामने आए वीडियो में पुलिसकर्मी भीड़ को तितर-बितर करते और हालात काबू में करने की कोशिश करते दिखे.

एन रामचंदर राव ने सोशल मीडिया पर इस घटना की निंदा करते हुए इसे “लोकतंत्र में अस्वीकार्य राजनीतिक हिंसा” बताया. उन्होंने कहा कि वे खुद कामारेड्डी का दौरा करेंगे. हालांकि बाद में उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि रविवार के प्रस्तावित दौरे से पहले पुलिस ने उन्हें एहतियातन नजरबंद कर दिया है.

Advertisement

कामारेड्डी के पुलिस अधीक्षक राजेश चंद्र ने पीटीआई को बताया कि मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है. पुलिस का कहना है कि हालात अब नियंत्रण में हैं, लेकिन क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement