scorecardresearch
 

शराब पीकर चलाई मर्सिडीज... रोका तो बोनट पर घसीटा पुलिस कॉन्स्टेबल, आरोपी पर एक्शन

हैदराबाद में शराब के नशे में ड्राइविंग का गंभीर मामला सामने आया है. जहां आरोपी ने पहले नशे की हालत में एक वाहन को टक्कर मारी और जब ट्रैफिक पुलिस कॉन्स्टेबल ने उसे रोकने की कोशिश की, तो वह भागने लगा. बताया जा रहा है कि बीच कॉन्स्टेबल कार की बोनट पर गिर गया और आरोपी ने उसे कुछ दूरी तक घसीटा.

Advertisement
X
हैदराबाद में शराब पीकर वाहन चलाने का एक मामला सामने आया है. (Photo: Pexels)
हैदराबाद में शराब पीकर वाहन चलाने का एक मामला सामने आया है. (Photo: Pexels)

हैदराबाद में शराब पीकर वाहन चलाने का एक गंभीर मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति ने नशे की हालत में तेज रफ्तार मर्सिडीज-बेंज कार से एक वाहन को टक्कर मारी. जब उसे रोकने की कोशिश की गई, तो वह भागने लगा और इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक कॉन्स्टेबल कार की बोनट पर गिर गया. इसके बाद आरोपी ने कॉन्स्टेबल को कुछ दूरी तक घसीटा.

हैदराबाद पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 24 साल के गुररामपति तरुण के रूप में हुई है. यह घटना गाचीबौली IIIT जंक्शन के पास की बताई जा रही है. 

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तरुण कथित तौर पर नशे में तेज रफ्तार से लग्जरी कार चला रहा था. उसने पहले एक अन्य वाहन को पीछे से टक्कर मारी. जब मौके पर मौजूद ट्रैफिक कॉन्स्टेबल ने उसे रुकने का इशारा किया, तो आरोपी ने कार की रफ्तार और बढ़ा दी.

जिससे कॉन्स्टेबल कार की बोनट पर गिर गया और कुछ दूरी तक घसीटे जाने के बाद अन्य वाहन चालकों और पुलिसकर्मियों की मदद से कार को रोका गया. यह घटना शनिवार सुबह की बताई जा रही है. इस घटना के बाद कॉन्स्टेबल को मामूली चोटें आईं और उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया.

शराब के नशे में ड्राइविंग 

Advertisement

पुलिस ने आरोपी का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट किया, जिसमें मालूम हुआ कि आरोपी ने काफी शराब पी थी. शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, जान को खतरे में डालने, ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी के कार्य में बाधा डालने समेत भारतीय दंड संहिता और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं.

आरोपी को गिरफ्तार कर मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इसके बाद उसे संगारेड्डी जिले की कांडी जेल में शिफ्ट कर दिया गया है.

अधिकारियों ने बताया कि आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज एकत्र कर जांच की जा रही है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि गाचीबौली जैसे व्यस्त और हाई-ट्रैफिक इलाकों में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

इस घटना के बाद आईटी कॉरिडोर में आने-जाने वाले लोगों में चिंता बढ़ गई है और नशे में और लापरवाह ड्राइविंग पर कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement