scorecardresearch
 

राहुल ने उठाया नागा समझौते का मुद्दा, बोले- करार की शर्तों को सार्वजनिक करें पीएम

राहुल ने कहा कि मणिपुर के लोगों को समझौते की विषय-वस्तु के बारे में अंधेरे में क्यों रखा जा रहा है? राहुल ने कहा कि नरेंद्र मोदी जहां कहीं जाते हैं, वह झूठ, नफरत और भाइयों के बीच दुश्मनी फैलाते हैं. वह झूठे वादे करते हैं.

Advertisement
X
राहुल गांधी ने मणिपुर में रैली को संबोधित किया
राहुल गांधी ने मणिपुर में रैली को संबोधित किया

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस नागा शांति समझौते पर दस्तखत किए हैं, उसकी विषय-वस्तु को सार्वजनिक किया जाए. उन्होंने मोदी पर यह आरोप भी मढ़ा कि वह जहां कहीं जाते हैं, वहां नफरत और झूठ फैलाते हैं. मणिपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि केंद्र ने नागा शांति समझौते पर दस्तखत किए हैं, लेकिन इसकी विषय-वस्तु के बारे में किसी को नहीं पता, यहां तक कि मणिपुर के मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह और राज्य सरकार को भी इसके बारे में नहीं पता.

मुख्यमंत्री ने भी कहा- सार्वजनिक हो विषय-वस्तु
राहुल ने कहा कि मणिपुर के लोगों को समझौते की विषय-वस्तु के बारे में अंधेरे में क्यों रखा जा रहा है? राहुल ने कहा कि नरेंद्र मोदी जहां कहीं जाते हैं, वह झूठ, नफरत और भाइयों के बीच दुश्मनी फैलाते हैं. वह झूठे वादे करते हैं. उन्होंने इबोबी सिंह सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के बेबुनियाद आरोप लगाए थे. वह हमेशा गलत दावे करते हैं. कांग्रेस उपाध्यक्ष के सुर में सुर मिलाते हुए इबोबी सिंह ने भी मांग की कि समझौते की विषय-वस्तु को सार्वजनिक किया जाए और इसे इंटरनेट पर डाला जाए. उन्होंने रैली में कहा, उन्हें (केंद्र को) इसे वेबसाइट पर डालना चाहिए, ताकि लोग देख सकें और फैसला कर सकें कि इससे राज्य (मणिपुर) की क्षेत्रीय अखंडता प्रभावित होगी कि नहीं.

Advertisement

समझौते की रूपरेखा (फ्रेमवर्क एग्रीमेंट) करार दिए जा रहे नगा शांति समझौते पर केंद्र और एनएससीएन-आईएम ने अगस्त 2015 में दस्तखत किए थे. करीब 18 साल तक चली 80 से ज्यादा दौर की वार्ता के बाद समझौते पर दस्तखत किए गए. पहली सफलता 1997 में उस वक्त मिली जब प्रतिबंधित संगठन के साथ संघर्षविराम समझौते पर दस्तखत किए गए.

नागा समझौते पर दुष्प्रचार फैला रही कांग्रेस: मोदी
आगामी चार और आठ मार्च को होने जा रहे मणिपुर विधानसभा चुनाव में नागा शांति समझौते की विषय-वस्तु एक बड़ा मुद्दा है. कांग्रेस केंद्र में सत्ताधारी भाजपा पर मणिपुर की क्षेत्रीय अखंडता से समझौता करने का आरोप लगा रही है, जबकि भाजपा इस आरोप को नकार रही है. बीती 25 फरवरी को इंफाल में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मणिपुर की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया था कि वह नागा समझौते पर दुष्प्रचार फैला रही है.

नोटबंदी पर फिर बोले राहुल
मोदी ने कहा था कि समझौते में ऐसा कुछ नहीं है जिससे मणिपुर के हित प्रभावित हों. मोदी ने मुख्यमंत्री इबोबी सिंह पर करारा हमला बोलते हुए आरोप लगाया था कि वह सबसे भ्रष्ट सरकार चला रहे हैं. राहुल ने कहा कि सिर्फ कांग्रेस की सरकार ही मणिपुर को विकास और समृद्धि के रास्ते पर ले जा सकती है. नोटबंदी के मुद्दे पर कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, नोटबंदी से इस देश के गरीबों की रोजी-रोटी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है. किसान और दिहाड़ी मजदूर इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं.

Advertisement
Advertisement