scorecardresearch
 

पाकिस्तान में नहीं है ओसामा: रहमान मलिक

पाकिस्तान के गृह मंत्री रहमान मलिक ने जोर देकर कहा कि अलकायदा नेता ओसामा बिन लादेन पाकिस्तान में नहीं है और अगर कोई उसके बारे में जानकारी मुहैया करायेगा तो पाक कार्रवाई करेगा.

Advertisement
X

पाकिस्तान के गृह मंत्री रहमान मलिक ने सोमवार को जोर देकर कहा कि अलकायदा नेता ओसामा बिन लादेन पाकिस्तान में नहीं है और अगर कोई उसके बारे में पाकिस्तान को जानकारी मुहैया करायेगा तो देश उस पर कार्रवाई करेगा.

मलिक ने कहा, ‘‘अगर किसी के पास पाकिस्तान में ओसामा बिन लादेन की मौजूदगी की जानकारी है तो उसे हमारी सरकार के साथ साझा किया जाना चाहिये. हम कार्रवाई करेंगे.’’ उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आयी है जब ब्रिटेन के प्रधानमंत्री गार्डन ब्राउन ने रविवार को पाकिस्तानी नेतृत्व पर तीखे लहजे में हमला बोलते हुए मांग की कि वह ओसामा बिन लादेन और उसके साथी अयमान जवाहिरी को खोज निकाले.

ब्राउन ने कहा था, ‘‘पाकिस्तान सरकार ने दक्षिणी वजीरिस्तान में तालिबान और अलकायदा से निपटना शुरू कर दिया है लेकिन हमें यह खुद से पूछना होगा कि 11 सितंबर के आठ साल बाद भी कोई भी क्यों ओसामा बिन लादेन का पता नहीं लगा पाया, उसे पकड़ नहीं पाया उसके करीब नहीं पहुंच पाया. कोई भी अलकायदा के दूसरे क्रम के नेता जवाहिरी के करीब क्यों नहीं पहुंच पाया.’’ मलिक ने कहा, ‘‘हम पाकिस्तान में हर दिन 9/11 का सामना कर रहे हैं. अगर हमें पता चलेगा कि ओसामा पाकिस्तान में है तो मैं विश्वास दिलाता हूं कि हम निश्चित तौर पर कार्रवाई करेंगे.’’

ब्राउन ने कहा था कि बिन लादेन और उसके साथी अयमान जवाहिरी को ढूंढ निकालने के कार्य में अधिक प्रगति की जरूरत है. उन्होंने राष्ट्रमंडल सम्मेलन के दौरान कहा, ‘‘हमारा मानना है कि ओसामा बिन लादेन पाकिस्तान में है. हम पाकिस्तान की कार्रवाई के अधिक सबूत देखना चाहेंगे. हम न सिर्फ दक्षिणी वजीरिस्तान में अधिक सैनिकों की मौजूदगी को, बल्कि पूरी सरकारी मशीनरी को कदम उठाते देखना चाहेंगे.’’ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी की इस सप्ताह ब्राउन से मुलाकात होने वाली है.

Advertisement
Advertisement