लद्दाख में गलवान घाटी में हिंसक झड़प के बाद से ही भारत और चीन के बीच तनाव बना हुआ है. इसे लेकर देश में राजनीतिक पार्टियां एक-दूसरे पर आरोप लगा रही हैं. इस बीच कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा का कहना है कि जब हमें चीन के खिलाफ एकजुट होना चाहिए, तब हम आपसी फूट को उजागर कर रहे हैं.
मिलिंद देवड़ा ने कहा कि यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है कि चीनी हिमाकत में बढ़ोतरी का मामला देश में राजनीतिक कीचड़ उछालने में खराब हो गया है. जब हमें चीन की हरकतों की निंदा और समाधान की तलाश में एकजुट होना चाहिए, तब हम आपसी फूट को उजागर कर रहे हैं.
It’s highly unfortunate that the national discourse surrounding the surge in Chinese transgressions has deteriorated into political mud-slinging.
When we should be united in condemning China’s actions & seeking solutions, we are exposing our divisions
— Milind Deora मिलिंद देवरा (@milinddeora)Advertisement
बीजेपी ने उठाए सवाल
दरअसल, राजीव गांधी फाउंडेशन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) कांग्रेस पर हमलावर है. बीजेपी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गांधी परिवार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि चीन की तरफ से राजीव गांधी फाउंडेशन को पैसा क्यों दिया गया? साथ ही उन्होंने 10 सवाल भी पूछे हैं. जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने देश के साथ विश्वासघात किया है.
जेपी नड्डा ने कहा कि मैं सोनिया गांधी को ये कहना चाहता हूं कि कोरोना के कारण या चीन की स्थिति के कारण मूल प्रश्नों से बचने का प्रयास न करें. भारत की फौज देश की और हमारी सीमाओं की रक्षा करने में सक्षम है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित है.
राहुल गांधी ने साधा निशाना
वहीं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर चीन विवाद को लेकर लगातार निशाना साध रहे हैं. लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय सेना के 20 जवान शहीद हो गए, तभी से हालात तनावपूर्ण हैं. वहीं राहुल गांधी ने पीएम मोदी से कहा कि पीएम बिना डरे, बिना घबराए सच बताएं कि चीन ने जमीन ली है और हम कार्रवाई करने जा रहे हैं. इस स्थिति में पूरा देश आपके साथ खड़ा है.
राहुल गांधी ने कहा कि पूरा देश एक होकर सेना और सरकार के साथ खड़ा है. लेकिन एक जरूरी सवाल उठा है, कुछ दिन पहले हमारे प्रधानमंत्री ने कहा था कि कोई हिंदुस्तान में नहीं आया, किसी ने हमारी जमीन नहीं ली है. राहुल गांधी ने कहा कि सैटेलाइट तस्वीर में दिख रहा है, सेना के पूर्व जनरल कह रहे हैं और लद्दाख के लोग कह रहे हैं कि चीन ने हमारी जमीन एक नहीं बल्कि तीन जगह छीनी है.