भारत में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. सरकार का जोर टेस्टिंग को बढ़ाने पर है. देश में 30 सेकंड में परिणाम देने वाले रैपिड टेस्टिंग किट पर काम हो रहा है. इसमें इजरायल की भी एक टीम सहयोग कर रही है. ये टीम अब भारत आ रही है. इजरायली दूतावास ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी.
इजरायली दूतावास की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि आने वाले हफ्तों में इजरायल के विदेश, रक्षा और स्वास्थ्य मंत्रालयों के नेतृत्व में भारत-इजरायल एंटी-कोविड-19 को-ऑपरेशन ऑपरेशन चलया जाएगा. इजरायली रक्षा मंत्रालय का उच्च श्रेणी का अनुसंधान एवं विकास दल तेल अवीव से स्पेशल फ्लाइट के जरिए नई दिल्ली पहुंचेगा.
ये भी पढ़ें- राम मंदिर भूमि पूजन पर रोक की मांग, इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल
इजरायल की ये टीम भारत के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार के. विजयराघवन और DRDO के साथ रैपिड टेस्टिंग किट विकसित करने पर काम कर रही है. दूतावास की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि भारत के विकास एवं उत्पादन क्षमताओं के साथ इजराइली टेक्नॉलजी की साझेदारी से कोरोना महामारी के बीच सामान्य जनजीवन को पटरी पर लाने में मदद करेगी.
बयान में कहा गया है कि आखिरकार प्लेन से मकैनिकल वेंटिलेटर्स की डिलीवरी होगी. इजरायल की सरकार ने इसका भारत को निर्यात की विशेष अनुमति दी है.
ये भी पढ़ें- चीन को भारत की दो टूक- LAC में एकतरफा बदलाव कतई बर्दाश्त नहीं
दूतावास की ओर से जारी बयान में कहा गया कि भारत और इजरायल के प्रधानमंत्रियों ने एक-दूसरे के यहां ऐतिहासिक दौरे किए. कोरोना वायरस का प्रकोप शुरू होने के बाद से अब तक प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच तीन बार टेलिफोन पर बातचीत हो चुकी है. दोनों प्रधानमंत्रियों की बातचीत में कोरोना महामारी के खिलाफ साझा लड़ाई के लिए टेक्नॉलजी और वैज्ञानिक अनुसंधानों के स्तर पर आपसी तालमेल पर सहमति बनी.