अगर आपका कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है, तो घबराने की जरूरत नहीं हैं. कोरोना के हल्के लक्षण वाले मरीज 17 दिन तक अपने होम आइसोलेशन में रहकर बिल्कुल ठीक हो सकते हैं. होम आइसोलेशन के दौरान डॉक्टर के निर्देशों का सख्ती से पालन करना चाहिए.
होम आइसोलेशन के लिए घर में कोरोना मरीज के लिए अलग हवादार कमरा और टॉयलेट होना अनिवार्य है. अगर ऐसा नहीं हैं, तो आप इसकी जानकारी अपने डॉक्टर को जरूर दें, ताकि अस्पताल में कोविड केयर सेंटर में व्यवस्था की जा सके. कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति की देखभाल के लिए एक व्यक्ति का होना बेहद जरूरी है.
अगर परिवार का कोई सदस्य या बुजुर्ग जिनकी उम्र 55 साल से ज्यादा है या घर में कोई गर्भवती महिला या फिर गंभीर बीमारी से जूझ रहा कोई मरीज है, तो कोरोना मरीज के ठीक होने तक उनको किसी रिश्तेदार के घर ठहराने की व्यवस्था करें. दिल्ली सरकार ने होम आइसोलेशन के दौरान क्या-क्या सावधानी बरती जानी चाहिए, इस बारे में एक वीडियो जारी कर बताया है. आइए हम आपको बताते हैं कि होम आइसोलेशन के दौरान कोरोना मरीज को क्या-क्या करना चाहिए............
1. कोरोना मरीज सबसे पहले अपने मोबाइल पर अयोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करें और 24 घंटे नोटिफिकेशन व लोकेशन ट्रैकिंग को ऑन रखें.
2. हमेशा ट्रिपल लेयर मेडिकल मास्क का इस्तेमाल करें और 8 घंटे उपयोग के बाद मास्क को फेंक दें. अगर मास्क गीला या गंदा हो जाता है, तो उसको तुरंत बदल दें. साथ ही सोडियम हाइपो-क्लोराइड सॉल्यूशन का प्रयोग करके मास्क को कीटाणु रहित बनाएं और कूड़ेदान में फेंक दें.
3. कोरोना मरीज अपने कमरे की खिड़कियां हमेशा खुली रखें और अलग टॉयलेट का इस्तेमाल करें.
4. होम आइसोलेशन के दौरान अपने कमरे में ही रहें और घर के दूसरे कमरों में न जाएं. साथ ही दरवाजे, टेबल जैसी चीजों को छूने से बचें, जिससे घर के अन्य सदस्यों के कोरोना की चपेट में आने का खतरा न रहे.
5. होम आइसोलेशन के दौरान अपने हाथों को साबुन से कम से कम 40 सेकंड तक अच्छे से धोएं या सैनिटाइजर से साफ करें.
6. होम आइसोलेशन के दौरान अपने घर के दूसरे सदस्यों से अपनी निजी वस्तुओं यानी कपड़े, बर्तन समेत अन्य चीजों को साझा न करें.
7. कोरोना मरीज होम आइसोलेशन के दौरान डॉक्टर द्वारा बताई गई दवाइयों को नियमित रूप से लेते रहें. अगर आप किसी अन्य बीमारी की दवाएं लेते हैं, तो डॉक्टर की सलाह जरूर लें.
8. कोरोना मरीज रिकवरी पीरियड के दौरान शराब न पिएं और धूम्रपान न करें. साथ ही भरपूर आराम करें और शरीर में पानी की कमी न होने दें. इसके लिए तरल पदार्थ जैसे सूप, जूस और पानी आदि लेते रहें.
9. कोरोना मरीज रिकवरी के दौरान कम कार्बोहाइड्रेट और उच्च प्रोटीन वाले भोजन के साथ फलों का सेवन करें.
10. होम आइसोलेशन के दौरान कोरोना मरीज मोबाइल और अन्य ऑनलाइन माध्यम से अपने परिजनों और करीबियों से बातचीत करते रहें. इस दौरान टीवी देखकर और कंप्यूटर में काम करके भी समय गुजारा जा सकता है.
11. कोरोना मरीज रोजाना अपने तापमान और पल्स की जांच करें. साथ ही इसकी जानकारी अपने स्वास्थ्यकर्मी को नियमित रूप से दें.
12. अगर होम आइसोलेशन के दौरान कोरोना मरीज को सांस लेने में दिक्कत होने या छाती में लगातार दर्द व दबाव होने या मानसिक भ्रम होने या फिर होठों व चेहरों के नीले पड़ने पर स्वास्थ्यकर्मी से तत्काल संपर्क करना चाहिए. साथ ही कोरोना मरीज की देखरेख करने वाले को भी पूरी सावधानी बरतनी चाहिए.