उत्तर प्रदेश पुलिस के स्पेशल डीजी बृजलाल ने कहा है कि आगरा के अस्पताल में हुआ धमाका कम तीव्रता का था और इसे देसी बम से जरिए अंजाम दिया गया.
घटनास्थल का मुआयना करने के बाद बृजलाल ने रविवार सुबह बताया कि ब्लास्ट का सुराग देने पर 50 हजार रुपये ईनाम की घोषणा की गई है. उन्होंने कहा कि मौके पर 6 बैट्रियां बरामद की गई है. उन्होंने कहा कि ब्लास्ट में टाइमर का इस्तेमाल नहीं किया गया है.
इससे पहले आगरा के अस्पताल में विस्फोट के बारे में उत्तर प्रदेश सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को प्राथमिक रिपोर्ट भेजी, जिसमें कहा गया है कि यह कहना जल्दबाजी होगा कि यह आतंकवादी हमला है.
उत्तर प्रदेश के प्रधान सचिव (गृह) और डीजीपी की ओर से भेजी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि स्थानीय नर्सिंग होम और निजी अस्पतालों में आपसी प्रतिद्वंद्विता के कारण भी यह विस्फोट किये जाने की आशंका है. विस्फोट में 6 लोग घायल हुए हैं.