Samrat Chaudhary met Bihar Governor Syed Ata Hasnain at Lok Bhavan and staked claim to form the government भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अब राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. यह बिहार के इतिहास में पहली बार होगा जब बीजेपी का मुख्यमंत्री राज्य का नेतृत्व करेगा. उन्हें बीजेपी और एनडीए विधानमंडल दल का नेता चुन लिया गया है. इससे पहले नीतीश कुमार ने दो दशक से अधिक समय तक बिहार के मुख्यमंत्री पद पर अपनी सेवाएं देने के बाद मंगलवार को इस्तीफा दे दिया. उन्होंने बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन से मुलाकात करके उन्हें मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंपा.
सम्राट चौधरी ने मंगलवार शाम को लोकभवन पहुंचर बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात की और राज्य में नई एनडीए सरकार के गठन का दावा पेश किया. राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उनका यह दावा स्वीकार कर लिया. कल सुबह 11:00 बजे शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन होगा. सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. उनके साथ बिहार की नई कैबिनेट के सदस्य भी शपथ लेंगे. बता दें कि नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में मंगलवार को अपनी कैबिनेट की आखिरी बैठक बुलाई. उन्होंने इस बैठक में अपने इस्तीफे की औपचारिक घोषणा की और कैबिनेट भंग करने का प्रस्ताव पेश किया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया. इसके बाद वह लोकभवन पहुंचे और राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंपा. इसके साथ ही बिहार में एक राजनीतिक युग का अंत हो गया. नीतीश कुमार ने दो दशक से अधिक समय तक बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दीं. अब हाल ही में बिहार से राज्यसभा के लिए चुने गए हैं. नीतीश के इस्तीफे के बाद पटना में बीजेपी विधानमंडल दल की बैठक में सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से विधानमंडल दल का नेता चुना गया. इसके बाद एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में भी उनके नाम पर मोहर लगी, जिसमें नीतीश कुमार भी शामिल थे.
लोकभवन में माननीय राज्यपाल श्री सैय्यद अता हसनैन जी से समस्त एनडीए नेतृत्व के साथ भेंटकर सरकार गठन का दावा प्रस्तुत किया।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) April 14, 2026
जनता के विश्वास और सहयोग के साथ विकास, सुशासन और समृद्धि के नए अध्याय की ओर बिहार अग्रसर होगा।#NDA4Bihar pic.twitter.com/9aw1VikgCv
एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में नीतीश कुमार ने भावुक संबोधन देते हुए कहा, 'मैं आप सबों को धन्यवाद देता हूं. मैंने राज्यपाल से मिलकर अपना इस्तीफा दे दिया है. अब नई सरकार का गठन होगा और उसे मेरा पूरा मार्गदर्शन मिलता रहेगा.' उन्होंने आगे कहा, 'मैं नरेंद्र मोदी को नमन करता हूं. उनके नेतृत्व में बिहार और तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ेगा.'
एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में सम्राट चौधरी का स्वागत किया गया. नीतीश कुमार ने भी बिहार में अपने उत्तराधिकारी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया. सम्राट चौधरी को बैठक में एनडीए विधानमंडल दल का नेता चुना गया. वह कल सुबह 11 बजे बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे. उनके साथ बिहार के नए कैबिनेट सदस्यों का भी शपथ ग्रहण होगा.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सम्राट चौधरी को बधाई दी है. उन्होंने कहा, 'बिहार में सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर बहुत-बहुत बधाई और मेरी शुभकामनाएं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विकसित बिहार के संकल्प को और अधिक मजबूती प्राप्त होगी, ऐसा मेरा पक्का विश्वास है.'
सम्राट चौधरी के बीजेपी विधायक दल का नेता चुने जाने और बिहार के अगले सीएम होने की खबर से खगड़िया के परबत्ता विधानसभा क्षेत्र में जश्न का माहौल है. परबत्ता वही विधानसभा क्षेत्र है जहां से सम्राट चौधरी वर्ष 2000 के विधानसभा चुनाव में राजद के टिकट पर पहली बार चुनाव जीतकर विधायक बने थे. वह 2010 में दोबारा परबत्ता से विधायक बने थे. परबत्ता के महाद्दीपु से सम्राट चौधरी का खास लगाव रहा है. ग्रामीण ढोल-नगाड़ा और एक दूसरे को रंग-अबीर लगाकर और आतिशबाजी करके अपनी खुशियों का इजहार कर रहे हैं.
नीतीश कुमार एनडीए विधायक दल की बैठक में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री आवास से विधानसभा के लिए रवाना हो गए हैं.
सम्राट चौधरी ने पटना स्थित भाजपा कार्यालय में मौजूद समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ का अभिवादन किया. उन्हें सर्वसम्मति से बिहार में भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है.
#WATCH | Patna: Samrat Choudhary acknowledges the sea of supporters and party workers at the BJP office in Patna. He has been unanimously elected as the Leader of the BJP Legislative Party in Bihar. pic.twitter.com/poYmtSlqIl
— ANI (@ANI) April 14, 2026
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सम्राट चौधरी बधाई दी. उन्होंने कहा, 'सम्राट चौधरी को बिहार में भाजपा विधानमंडल दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आपका नेतृत्व बिहार को विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा.'
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सम्राट चौधरी को बधाई दी है. उन्होंने X पर लिखा, 'सम्राट चौधरी को बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में चुने जाने पर हार्दिक अभिनंदन. आपके कुशल मार्गदर्शन में प्रदेश में सुशासन और समृद्धि के नए द्वार खुलेंगे. उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएं.'
बिहार के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे सम्राट चौधरी ने बीजेपी विधानमंडल दल का नेता चुने जाने के बाद पहली प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने X पर एक पोस्ट में लिखा, 'भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मुझ पर विश्वास जताते हुए बिहार भाजपा विधानमंडल दल के नेता का दायित्व सौंपने पर हृदय से आभार व्यक्त करता हूं. यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है. मैं पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ जन-जन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लेता हूं. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहूंगा. आप सभी का स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है. जय बिहार, जय भारत!'
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने भी सम्राट चौधरी को बधाई दी है. उन्होंने X पर लिखा, 'बिहार में भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर सम्राट चौधरी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. मुझे आशा है कि आपके नेतृत्व में बनने जा रही बिहार की डबल इंजन की सरकार, निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को दुगुनी रफ्तार से आगे बढ़ाएगी.'
बिहार में भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर श्री सम्राट चौधरी जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
— Champai Soren (@ChampaiSoren) April 14, 2026
मुझे आशा है कि आपके नेतृत्व में बनने जा रही बिहार की डबल इंजन की सरकार, निवर्तमान मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को दुगुनी रफ्तार से आगे बढ़ाएगी। pic.twitter.com/ltrhe0tESs
केंद्रीय मंत्री और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा प्रमुख जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बिहार के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे सम्राट चौधरी को बधाई दी. उन्होंने X पर लिखा, 'पुत्रवत सम्राट चौधरी जी को बिहार भाजपा विधानमंडल दल का नेता चुने जाने की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. बिहार को नया सम्राट मुबारक हो.'

सम्राट चौधरी ही बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे. उन्हें बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया है. पटना में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में हुई बीजेपी विधानमंडल की बैठक में विजय सिन्हा, मंगल पांडे और दिलीप जायसवाल ने भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा. सम्राट चौधरी थोड़ी देर में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन से मुलाकात करेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे.
पटना के बीजेपी कार्यालय में विधानमंडल दल की बैठक शुरू हो गई है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृव में बैठक हो रही है. सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा बीजेपी कार्यालय पहुंच गए हैं. सम्राट चौधरी के पार्टी कार्यालय पहुंचने के साथ कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की.
उन्होंने आगे कहा, 'इन दिनों काम को और आगे बढ़ाया गया है. अगले पांच वर्षों यानि 2025 से 2030 के लिए 7 निश्चय-3 का गठन किया गया है. इससे और ज्यादा काम होगा जिससे बिहार काफी आगे बढ़ेगा. बिहार के विकास में केन्द्र का भी पूरा सहयोग मिल रहा है. इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नमन करते हैं. बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के टॉप राज्यों में शामिल हो जाएगा तथा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा. हमने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया है. इतने दिनों से हमने लगातार लोगों की सेवा की है. हमने तय किया था कि अब मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे और इसलिए आज मंत्रिमंडल की बैठक के बाद माननीय राज्यपाल से मिलकर उन्हें इस्तीफा सौंप दिया. अब नई सरकार यहां का काम देखेगी. नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा. आगे भी बहुत अच्छा काम होगा तथा बिहार बहुत आगे बढ़ेगा. सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं तथा शुभकामनाएं देता हूं.'
नीतीश कुमार के इस्तीफे के साथ बिहार में एक राजनीतिक युग का अंत हो गया है. उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है. सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं. इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने X पर एक पोस्ट में अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र किया. उन्होंने लिखा, 'आप जानते हैं कि 24 नवंबर, 2005 को राज्य में पहली बार एनडीए सरकार बनी थी. तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं. सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो, महादलित हो- सभी के लिए काम किया गया है. हर क्षेत्र में काम हुआ है चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़क हो, बिजली हो, कृषि हो. महिलाओं एवं युवाओं के लिए भी बहुत काम किया गया है.'
नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया है.
नीतीश कुमार थोड़ी देर में मुख्यमंत्री आवास से निकलकर राज भवन पहुंचने वाले हैं. यहां वो इस्तीफा देंगे. सम्राट चौधरी सीएम हाउस पहुंचे.
सम्राट चौधरी के नाम पर बीजेपी विधायक दल की बैठक में मुहर लगना तय. सूत्रों के मुताबिक सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. औपचारिक तौर पर सम्राट चौधरी का नाम तय होगा. जेडीयू से दो डिप्टी सीएम के नाम भी तय हैं.
नीतीश कुमार ने अपने इस्तीफा के फैसले के बारे में कैबिनेट को जानकारी दी. नीतीश कुमार ने कहा कि मेरा मार्गदर्शन नई सरकार के साथ बना रहेगा. कैबिनेट की बैठक में नीतीश के अलावा केवल डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने अपनी बात रखी. नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक के बाद की ग्रुप फोटो सामने आई.

पटना में आयोजित नीतीश कुमार की कैबिनेट बैठक खत्म हो गई है. बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार आज ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे.
नीतीश कुमार के आज बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की खबर पर राज्य मंत्री और JD(U) नेता श्रवण कुमार का बयान आया. वह बोले, 'यह अच्छा नहीं लग रहा कि आज कैबिनेट की आखिरी बैठक है. उनके साथ काम करते हुए हमें बहुत कुछ सीखने को मिला. आज शाम 4 बजे NDA विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें बिहार के मुख्यमंत्री का चुनाव किया जाएगा.'
सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री आवास से निकले. पटना हाई कोर्ट स्थित बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर जा रहे हैं.
उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जो पहले राज्य BJP अध्यक्ष रह चुके हैं और निवर्तमान सरकार में गृह मंत्रालय का प्रभार संभाल रहे हैं, उन्हें मुख्यमंत्री पद के लिए चर्चा में चल रहे नामों में सबसे आगे माना जा रहा है.
हालांकि, BJP के अंदरूनी सूत्रों का मानना है कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से किसी 'चौंकाने वाले फैसले' की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, जैसा कि हाल ही में राजस्थान, दिल्ली और मध्य प्रदेश में देखने को मिला था.
243 सदस्यों वाली विधानसभा में 89 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी BJP, इसके बाद अपने विधायक दल के नेता का चुनाव करेगी. विधायक दल की बैठक आज दोपहर करीब 3 बजे होनी तय है.
202 सदस्यों वाले NDA में JD(U) के 85 विधायकों के अलावा, लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के 19 और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (जीतन राम मांझी) के 5 विधायक भी शामिल हैं. इसके अलावा, राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय लोक मोर्चा के भी 5 विधायक इसमें शामिल हैं.
NDA के सभी विधायकों की बैठक आज शाम 4 बजे राज्य विधानसभा के सेंट्रल हॉल में होनी है. सभी घटक दलों की ओर से औपचारिक समर्थन की घोषणा के बाद, नई सरकार के गठन के लिए राज्यपाल से संपर्क किया जाएगा.
आज नीतीश कुमार का इस्तीफे और नए सीएम का ऐलान होगा. फिर बुधवार 15 अप्रैल को 11 बजे लोकभवन में नए मुख्यमंत्री और उनकी कैबिनेट का शपथ ग्रहण होगा.
प्रदेश कार्यालय में दोपहर तीन बजे बीजेपी विधायक दल की मीटिंग होगी. पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में बीजेपी विधायक दल का नेता चुना जाएगा. 4 बजे बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए विधानमंडल दल की बैठक होगी. नए मुख्यमंत्री के चेहरे पर एनडीए विधानमंडल दल मुहर लगाएगा. नई सरकार के गठन को लेकर राज्यपाल के पास दावा पेश होगा. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज पटना पहुंचेंगे. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी पटना पहुंचेंगे.
नीतीश कुमार आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे. नीतीश सुबह 10:30 बजे पटना हाई कोर्ट स्थित बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे. 11 बजे मुख्य सचिवालय में कैबिनेट की आखिरी बैठक में शामिल होंगे. अपने कैबिनेट की आखिरी बैठक के बाद मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ फोटोग्राफी कराएंगे.
मुख्य सचिवालय से नीतीश कुमार वापस मुख्यमंत्री आवास पहुंच जाएंगे. 3:10 बजे मुख्यमंत्री आवास से लोकभवन के लिए रवाना होंगे. राज्यपाल को अपना इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार वापस मुख्यमंत्री आवास आ जाएंगे.