आए दिन खुले नालों और गड्ढों में गिरकर जान गंवाने की खबरें सामने आ रही हैं. दिल्ली के बाद अब नागपुर में भी खुले नाले में गिरने से एक मासूम की मौत हो गई. शहर के यशोधरानगर के संघर्षनगर इलाके में एक तीन साल का बच्चा नाली में जा गिरा और उसकी मौत हो गई.
इलाके के एक सीसीटीवी में मौत से पहले उसका दौड़ते हुए एक वीडियो कैद हुआ है. इसमें उसे दौड़ते हुए देखा जा सकता है. मृतक बच्चे की पहचान कौनेन इमरान अंसारी (3 साल) के रूप में हुई है. मासूम के पिता हैंडलूम का काम करते हैं.
कौनेन बाहर खेलने गया हुआ था, जब शाम होने के बावजूद वो घर वापस नहीं आया, तब उसके परिजनों ने यशोधरानगर पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस और परिजनों ने पूरी रात छानबीन की, लेकिन कौनेन का कोई सुराग नहीं मिला. आखिरकार, शनिवार दोपहर उसकी लाश नाले में मिली.
यह भी पढ़ें: दिल्ली: खुले नाले के बाद अब सीवर हादसा, अचानक गिरा मजदूर.... हुई मौत
घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है. परिजन भी सदमे में है. घटना से पहले कौनेन का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वो खेलते हुए और दौड़ते हुए नजर आ रहा है. नागपुर के यशोधरानगर पुलिस थाने में अकस्मात मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है.