महाराष्ट्र के शिरडी के साईबाबा मंदिर में नववर्ष मनाने के लिए देश विदेश से लाखों श्रद्धालु दाखिल हुए. बीते दो सालों में कोरोना के कारण श्रद्धालु साई मंदिर बन्द होने से अपना नववर्ष साईं दरबार मे नहीं मना पा रहे थे. ऐसे में साईबाबा मंदिर ट्रस्ट ने इस बार नववर्ष पर साईबाबा मंदिर 31 दिसम्बर को रातभर खुला रखने का निर्णय लिया है. ट्रस्ट ने क्रिसमस और नववर्ष के दरम्यान तकरीबन 10 लाख श्रद्धालुओं के साईबाबा मंदिर आने का अनुमान लगाया है.
नववर्ष के मौके पर पूरा साई मंदिर परिसर और शिरडी शहर में जहां देखो वहां श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आ रही है. बता दें कि इसके चलते शिरडी में तकरीबन 700 से ज्यादा होटल हाउस फुल हो गए हैं. भूतपूर्व ट्रस्टी और शिरडी वासी भक्त सचिन तांबे ने इस बार शिरडी में रेकॉर्ड ब्रेक भीड़ होने की बात बताई है. नववर्ष के मौके पर हजारो श्रद्धालु, मुम्बई, पुणे, नागपुर से पालकियां लेकर शिरडी पहुंचे हैं.
बता दें कि नया साल 2023 का काउंटडाउन शुरू हो गया है. अब सिर्फ एक दिन का समय बाकी है. वीकेंड होने की वजह से लोग भी बाहर घूमने के लिए निकल रहे हैं. ऐसे में शिरडी जैसे तीर्थ स्थलों के साथ- साथ सड़कों से लेकर ट्रेन और प्लेन तक में भीड़ देखने को मिल रही है. होटल से लेकर प्राइवेट टैक्सी की बुकिंग के लिए मारामारी चल रही है. सुरक्षा कारणों को लेकर कई शहरों में गाइडलाइन्स भी जारी हुई हैं.