उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने शनिवार को किसान सारथी रथ को हरी झंडी दिखाई. झारखंड के रांची पहुंचे वेंकैया नायडू ने इसके साथ मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के बारे में भी किसानों को विस्तृत जानकारी दी. इस दौरान उनके साथ झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास भी मौजूद थे. इस योजना से झारखंड के 35 लाख किसानों को फायदा पहुंचेगा.
उपराष्ट्रपति ने कहा, कृषि और किसानों के विकास के लिए सरकार के विभिन्न कार्यक्रमों से किसानों को परिचित कराने के लिए, चलते-फिरते सूचना केंद्र किसान सारथी का उद्घाटन कर बहुत खुशी हो रही है. किसान सारथी गांव-गांव जाकर किसानों के बीच जागरूकता फैलाएगा और उनका सशक्तिकरण करेगा.
कृषि और किसानों के विकास के लिए सरकार के विभिन्न कार्यक्रमों से किसानों परिचित कराने के लिए, चलते फिरते सूचना केन्द्र किसान सारथी का उद्घाटन कर हर्ष हो रहा है। किसान सारथी गांव गांव जा कर किसानों में जागृति का प्रसार करेगा और उनके सशक्तीकरण का कारक बनेगा। #agriculture pic.twitter.com/jdeZiyLcN4
— VicePresidentOfIndia (@VPSecretariat) August 10, 2019
उन्होंने कहा, केंद्र सरकार ने किसानों की आय को 2022 तक दोगुना करने का संकल्प लिया गया है. इसी कड़ी में सरकार 23 अनाजों के न्यूनतम समर्थन मूल्य को लगातार बढ़ा रही है. हमारे वनवासी भाइयों के लिए वन उत्पादों पर भी न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किया जा रहा है. उन्होंने कहा, इस योजना में राज्य के सभी लघु एवं सीमांत किसानों, जिनके पास अधिकतम 5 एकड़ तक कृषि योग्य जमीन होगी, उन्हें 5000 रुपये प्रति एकड़ प्रति वर्ष की दर से सहायता राशि दी जाएगी.
इस दौरान नायडू ने कहा, झारखंड सरकार की ओर से किसानों के कल्याण और कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं. नायडू ने आगे कहा, राज्य सरकार की ओर से कृषि को बढ़ावा देने के लिए जल संग्रहण और जल संचयन की योजना चलाई जा रही है, जिसमें तालाब जीर्णोद्धार, डीप बोरिंग और परकोलेशन टैंक का निर्माण हो रहा है, जिससे बड़े क्षेत्रफल में अतिरिक्त सिंचाई सृजित हुई है.