जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में शनिवार को हुए आतंकी हमले का मोबाइल वीडियो सामने आया है. इसमें हमला करने के बाद दो आतंकी भागते नजर आ रहे हैं. जबकि वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इनमें से एक आतंकी की पहचान हो गई है. इस हमले में दो पुलिस जवान शहीद हो गए थे.
लश्करे तैयबा से जुड़े आतंकी की पहचान
सुरक्षा एजेंसियों ने पुलिस बल पर हमला करने वालों में से एक हथियारबंद शख्स को स्थानीय आतंकी बताया है. खुदवानी इलाके में रहने वाला यह शख्स बीते साल प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्करे तैयबा में शामिल हो गया था. अनंतनाग बस स्टैंड के नजदीक जम्मू कश्मीर पुलिस पर हमला करने वालों में वह शामिल था.
वीडियो में हथियार के साथ दिखे दोनों आतंकी
मोबाइल वीडियो में दो युवकों को एके असॉल्ट राइफल्स के साथ खानाबल-पहलगाम रोड पर देखा जा रहा है. इसमें एक आतंकी नई कार के पास खड़ा है और दूसरा एक बैग टांगे हुए गाड़ी की ओर जा रहा है. आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक इनमें से काले कपड़ों वाला आंतकी खुदवानी का रहने वाला है. 18 साल की उम्र में बीते साल जून महीने में उसने घर छोड़ दिया था.
इसी महीने होने वाला है उपचुनाव
अनंतनाग इलाके को आतंकवाद और उग्रवाद के लिए बहुत संवेदनशील माना जाता है. यहां इसी महीने विधानसभा उपचुनाव होने वाला है. बीते दो दिनों में अनंतनाग में दो आतंकी हमले हो चुके हैं. इन हमलों में सुरक्षा बलों के पांच अधिकारी की जान जा चुकी है. वहीं बीएसएफ जवान सहित 6 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे.