scorecardresearch
 

'तुमसे जो हो सके कर लो...', इंस्टाग्राम पर डाली स्टोरी तो लड़कों ने बुलाकर ले ली जान

अहमदाबाद में सोशल मीडिया पर डाली गई एक पुरानी इंस्टाग्राम स्टोरी ने हिंसक रूप ले लिया. मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि 19 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है.  

Advertisement
X
 इंस्टाग्राम पर डाली स्टोरी तो लड़कों ने बुलाकर ले ली जान (Photo: itg)
इंस्टाग्राम पर डाली स्टोरी तो लड़कों ने बुलाकर ले ली जान (Photo: itg)

गुजरात के अहमदाबाद में एक पुरानी इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि उसने एक युवक की जान ले ली. सोशल मीडिया पर लिखी गई एक चुनौती ने देखते ही देखते हिंसक रूप धारण कर लिया और यह घटना शहर में चर्चा का विषय बन गई है.

'तुमसे जो हो सकता है कर लो'

पुलिस के मुताबिक, यह घटना बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे वेजलपुर इलाके में हुई. 19 साल के मोहम्मद सालिक इम्तियाज हुसैन शेख पर तीन युवकों रेहान, फैजल पठान और फैजान पठान ने हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले सालिक ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी डाली थी, जिसमें उसने कथित तौर पर लिखा था, 'तुमसे जो हो सकता है कर लो.' इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनातनी चल रही थी.

इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर बवाल

घटना वाली रात तीनों आरोपी सालिक के पास पहुंचे और उसी पुराने पोस्ट को लेकर विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते बहस ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि रेहान ने सालिक को पकड़ लिया और उसके दाहिने हिस्से में चाकू से वार कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई.

Advertisement

इस दौरान बीच-बचाव करने आए कासिब सैयद भी हमले की चपेट में आ गए. पुलिस के अनुसार, फैजान ने कासिब पर पत्थर से हमला किया, जबकि रेहान ने उसके हाथ पर चाकू से वार किया. दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सालिक को मृत घोषित कर दिया, जबकि कासिब का इलाज जारी है.

दो आरोपी अब भी फरार

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रेहान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फैजल और फैजान अभी फरार बताए जा रहे हैं. उनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.

वेजलपुर पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और इंस्टाग्राम पोस्ट की भी पड़ताल की जा रही है, जिसे फिलहाल रिकवर नहीं किया जा सका है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद पहले से कितना गहरा था और क्या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी थे.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement