राजधानी दिल्ली के रिठाला इलाके में आज गुरुवार तड़के झुग्गियों वाली बस्ती में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने तेजी से फैलकर 50 से ज्यादा झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया. दमकल की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. घटना के बाद एक लड़की के लापता होने की भी खबर है, जिसकी तलाश की जा रही है.
एजेंसी के अनुसार, दिल्ली आग से 50 से ज्यादा झोपड़ियां जलकर राख हो गईं हैं. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं और लपटों से घिर गया. दिल्ली फायर सर्विसेज को सुबह करीब 4:15 बजे आग लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं.
अधिकारियों के मुताबिक, आग झुग्गियों वाले घने इलाके में लगी थी, जिसकी वजह से लपटें तेजी से फैलीं. आग पर काबू पाने के लिए दमकल की करीब 16 गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया. दमकलकर्मियों ने स्थानीय पुलिस और लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया.
यह भी पढ़ें: दिल्लीः तुगलकाबाद की स्लम बस्ती में लगी आग, 70 से ज्यादा झुग्गियां हुईं राख
करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 6:30 बजे आग पर काबू पा लिया गया. इस घटना में फिलहाल किसी के घायल होने या मौत की खबर नहीं है, हालांकि आग की वजह से झुग्गियों में रहने वाले कई परिवारों का सामान जलकर खाक हो गया.
सूत्रों के मुताबिक, आग लगने के बाद से एक लड़की लापता बताई जा रही है. दमकलकर्मी और पुलिसकर्मी मलबे के बीच उसकी तलाश में जुटे हुए हैं.
अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. प्राथमिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग कैसे लगी. फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है.
इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा. स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और आग बुझाने में दमकलकर्मियों की मदद भी की. प्रशासन का कहना है कि प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद देने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं.