दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में मां-बेटे की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी का शनिवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी के पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान सौरभ के रूप में हुई है. फिलहाल पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है.
जानकारी के मुताबिक 20 मई को गोविंदपुरी इलाके में मां और बेटे की हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई थी. इस दोहरे हत्याकांड के बाद से आरोपी फरार चल रहा था. मामले की गंभीरता को देखते हुए दक्षिण-पूर्वी जिले की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड समेत कई टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया था. लगातार छापेमारी और तकनीकी निगरानी के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सौरभ घाटी पार्क इलाके में मौजूद है.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी. बताया जा रहा है कि उस समय आरोपी पार्क में बैठकर नशा कर रहा था. पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने सरेंडर करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. आरोपी ने पुलिस पर लगातार चार राउंड फायर किए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
शातिर प्रवृत्ति का है आरोपी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आत्मरक्षा और आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. जवाबी फायरिंग में एक गोली आरोपी सौरभ के पैर में लगी, जिसके बाद वह घायल होकर गिर पड़ा. जिसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया. मौके से हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं.
घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा किया जा सके. दिल्ली पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि आरोपी बेहद शातिर प्रवृत्ति का है और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी के साथ इस मामले में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं.