दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में 38 वर्षीय महिला और उसके 13 वर्षीय बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने महिला के रिश्ते के भाई को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी 28 वर्षीय सौरभ साहू ने अपनी चचेरी बहन शारदा साहू और उसके बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी थी. आरोपी महिला द्वारा बार-बार नशे की लत और आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दिए जाने से नाराज था.
दरअसल, यह मामला 20 और 21 मई की दरम्यानी रात सामने आया, जब गोविंदपुरी स्थित घर में शारदा साहू और उसके किशोर बेटे के शव बरामद हुए. घटना के बाद दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस की कई टीमें जांच में जुट गईं. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और स्थानीय संपर्कों के आधार पर जांच शुरू की.
यह भी पढ़ें: दुल्हन की आत्महत्या के बाद दूल्हे ने भी दे दी जान, शादी के 27 दिन बाद नवविवाहित जोड़े की मौत से सनसनी
जांच के दौरान पुलिस ने संगम विहार निवासी सौरभ साहू को मुख्य आरोपी के रूप में चिन्हित किया. पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी तुगलकाबाद एक्सटेंशन के घाटी वाला पार्क के पास मौजूद है. इसके बाद पुलिस टीम ने 22 और 23 मई की दरम्यानी रात इलाके में घेराबंदी की.
पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया, लेकिन उसने अवैध देशी पिस्तौल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. आरोपी ने चार राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली सब-इंस्पेक्टर यशपाल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी. जैकेट होने की वजह से वह बाल-बाल बच गए.
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली आरोपी के पैर में लगी. इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा. इस मुठभेड़ में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ.
पुलिस ने आरोपी के पास से देशी पिस्तौल, खाली और जिंदा कारतूस, हत्या के दौरान पहने गए खून से सने कपड़े और अन्य सबूत बरामद किए हैं. पूछताछ में आरोपी ने महिला और उसके बेटे की हत्या की बात कबूल कर ली.
चोरी और लूट के मामलों में भी शामिल रहा आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपनी चचेरी बहन से जलन और निजी रंजिश रखता था. महिला उसे लगातार नशे की आदत और आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सलाह देती थी, जिससे वह नाराज रहता था.
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले से चोरी, स्नैचिंग, लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े चार आपराधिक मामलों में शामिल रहा है. पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है.