
बस में सीट को लेकर लोगों के बीच लड़ाई होना एक आम बात है. लेकिन क्या आपने किसी को ड्राइवर की सीट के लिए लड़ते देखा है? दरअसल सोशल मीडिया पर बस चालक की सीट पर बैठने की जिद करने वाली एक महिला का वीडियो वायरल हो गया है. ड्राइवर लगातार उससे सीट खाली करने को कहता है लेकिन महिला टस से मस नहीं होती. कुछ देर बाद बस में बैठी एक दूसरी महिला भी इस बहस का हिस्सा बन जाती है. हैरानी की बात ये है कि वो भी इस विवाद में महिला का पक्ष लेते हुए ड्राइवर को किसी और सीट पर बैठने का सुझाव देती है.
इस वीडियो को शेयर करते हुए लोग कह रहे हैं कि ये राजस्थान में हुई असली एक घटना का वीडियो है. साथ ही, ये भी कहा जा रहा है कि वीडियो में झगड़ रही महिलाएं सास-बहू हैं. ट्विटर पर ये वीडियो शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, "रंगीलो राजस्थान. एक सास-बहू भीड़ भरी बस में चढ़ जाते हैं. सास को सीट मिल जाती है. सीट न मिलने पर बहू ड्राइवर की सीट पर बैठ जाती है. फिर देखिए आगे क्या हुआ. और मजे की बात यह भी है कि सास भी बहू का समर्थन कर रही है. इस असली घटना का वीडियो देखिए."

इस कथित घटना के बारे में 'वन इंडिया' और 'ओडिशा टीवी' समेत कई न्यूज वेबसाइट्स ने भी खबरें छापी हैं. वीडियो शेयर करने वाले कुछ सोशल मीडिया पोस्ट्स का आर्काइव्ड वर्जन यहां और यहां देखा जा सकता है.
इंडिया टुडे फैक्ट चेक ने पाया कि ये किसी असली घटना का नहीं बल्कि एक स्क्रिप्टेड वीडियो है.
कैसे पता लगाई सच्चाई?
कीवर्ड सर्च करने पर हमें 'राजस्थानी भजनो के Actress' नामक फेसबुक पेज पर वायरल वीडियो से मिलता-जुलता एक दूसरा वीडियो मिला. इसमें महिला की ड्राइवर के साथ झड़प से पहले की पूरी कहानी काफी ड्रामैटिक ढंग से दिखाई गई है. वीडियो में महिला बस में चढ़ती है और सीट ढूंढ़ने की कोशिश करती है. बस में मौजूद एक दूसरी महिला उसे बताती है कि सिर्फ ड्राइवर की सीट ही खाली है. अगले सीन में ड्राइवर को किसी दुकान पर चाय पीते देखा जा सकता है. इसके बाद वायरल वीडियो में हो रही झड़प वाला पार्ट शुरू होता है. वीडियो में बच्चों के हंसने जैसी फनी आवाजों का इस्तेमाल भी किया गया है.
थोड़ा और खोजने पर हमें वायरल वीडियो का एक लम्बा वर्जन फेसबुक पर जुलाई 2020 के एक पोस्ट में मिला. करीब पांच मिनट के इस वीडियो में झड़प के बाद ड्राइवर और महिला को साथ में तस्वीर खिंचाते देखा जा सकता है. साथ ही, वीडियो में किसी आदमी की आवाज भी सुनाई दे रही है जो इन लोगों को पोज देने के लिए कई निर्देश देता है. इससे साफ होता है कि वीडियो में मौजूद लोग एक्टिंग कर रहे थे.
एक यूट्यूब चैनल ने इस वीडियो को साल 2020 में शेयर किया था. इस वीडियो के थंबनेल में वायरल वीडियो वाली महिला और ड्राइवर को हाथ पकड़े देखा जा सकता है. ये वही पोज है जो फेसबुक पर मौजूद वायरल वीडियो के लंबे वर्जन में देखा जा सकता है.

यूट्यूब पर वीडियो के नीचे 'हैशटैग हेमा प्रजापत' लिखा हुआ है. यूट्यूब पर इस नाम को सर्च करने पर हमें वायरल वीडियो में मौजूद महिलाओं के और भी कई वीडियोज मिले. दरअसल ये महिलाएं कभी सास-बहू तो कभी देवरानी-जेठानी जैसे अलग-अलग रोल निभाते हुए फनी वीडियो बनाती हैं.

हमें हेमा प्रजापत का यूट्यूब चैनल भी मिला जिसमें उन्हें वायरल वीडियो वाली दूसरी महिला के साथ एक्टिंग करते देखा जा सकता है. इस चैनल के अबाउट सेक्शन में लिखा है, "हमारा उद्धेश्य यूट्यूब के जरिए केवल मनोरंजन करना है, न की किसी जाति धर्म और समूह विशेष को ठेश पहुँचाना. अगर हमारे द्वारा कही भी मज़ाक में जाति विशेष को कुछ बोल भी दे तो कृपया बुरा ना माने और ना ही दिल पे ले." हमने वीडियो के बारे में और जानकारी के लिए हेमा प्रजापत से फेसबुक के जरिये संपर्क किया. अगर उनका जवाब आता है तो उसे इस खबर में अपडेट किया जाएगा.
साफ है, मनोरंजन के लिए बनाए गए स्क्रिप्टेड वीडियो के एक छोटे से हिस्से को सोशल मीडिया पर असली घटना बता कर शेयर किया जा रहा है.
( रिपोर्ट: संजना सक्सेना )