तृणमूल कांग्रेस की सांसद और बंगाली एक्ट्रेस नुसरत जहां 17वीं लोकसभा में बतौर सांसद पहुंचने के साथ ही चर्चा में हैं. संसद में शपथ के दौरान नुसरत मांग में सिंदूर और हाथों में चूड़ा पहने नजर आई थीं. नुसरत के इस पहनावे पर विवाद हुआ. मुस्लिम धर्मगुरुओं के एक समूह ने तो नुसरत जहां के पहनावे को 'गैर इस्लामी' करार देते हुए फतवा भी जारी किया था. अब नुसरत जहां के सपोर्ट में उनकी करीबी दोस्त और टीएमसी सांसद मिमी चक्रवर्ती का बयान आया है.
मिमी चक्रवर्ती ने नुसरत का समर्थन करते हुए कहा कि हर किसी के व्यक्तिगत जीवन का सम्मान होना चाहिए और महिलाओं को उचित सम्मान दिया जाना चाहिए.
मिमी ने कहा, "मैंने अपनी दोस्त का समर्थन किया है और आगे भी ऐसा करती रहूंगी, चाहे वह सिंदूर लगाएं या चूड़ा पहनें. हर किसी की व्यक्तिगत जिंदगी का सम्मान होना चाहिए. हमें तो जींस पहनने के लिए ट्रोल कर दिया गया था. महिलाओं को सम्मान दिया जाना चाहिए और हम भारत का प्रतिनिधित्व करतीं हैं."
बता दें कि 25 जून को संसद में शपथ ग्रहण के बाद नुसरत पारंपरिक लिबास में पहुंची थीं. शादी के बाद मांग में सिंदूर और चूड़ा पहनकर संसद आई नुसरत जहां के पहनावे पर कुछ मुस्लिम धर्मगुरुओं ने आपत्ति जाहिर की थी.
बताते चलें कि नुसरत जहां ने 19 जून को व्यापारी निखिल जैन संग शादी रचाई थी. नुसरत जहां ने शादी की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थी.
शादी के बाद नुसरत ने लिखा था, "मैं तब से तुम्हारा इंतजार कर रही हूं जब से मैंने अपनी जिंदगी में पहली लव स्टोरी सुनी थी. अब मुझे एहसास होता है कि तुम हमेशा से मेरे दिल में मौजूद थे."
5 जुलाई को नुसरत जहां और निखिल की रिसेप्शन पार्टी है. जश्न में टॉलीवुड की बड़ी-बड़ी हस्तियों के पहुंचने की उम्मीद है.