फेमस पंजाबी और बॉलीवुड सिंगर आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया, जिन्हें दुनिया 'बादशाह' के नाम से जानती है, एक बड़ी कानूनी मुसीबत में घिर गए हैं. हरियाणा पुलिस ने उनके हालिया रिलीज हुए गाने 'टटीरी' को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए न सिर्फ मामला दर्ज किया है, बल्कि उन्हें देश छोड़कर भागने से रोकने के लिए लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है.
इस विवाद ने तब तूल पकड़ा जब गाने के वीडियो और बोल को समाज, खासकर स्कूली बच्चों और महिलाओं के लिए बेहद आपत्तिजनक माना गया है. पुलिस अब बादशाह की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और उन्हें जल्द से जल्द पेश होने का कड़ा फरमान सुनाया गया है.
हरियाणा पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस की जांच और दर्ज शिकायत के अनुसार, गाने के वीडियो में कुछ दृश्य बेहद आपत्तिजनक हैं. वीडियो में दिखाया गया है कि स्कूल यूनिफॉर्म पहनी नाबालिग लड़कियां अपने बस्ते फेंककर पढ़ाई बीच में ही छोड़कर भाग रही हैं. पुलिस का कहना है कि यह न केवल शिक्षा के प्रति नकारात्मक संदेश देता है, बल्कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ जैसा है. इसके अलावा, गाने में 'बादशाला' जैसे शब्दों का प्रयोग कर स्कूल जैसे पवित्र संस्थान के माहौल को गलत और मजाकिया ढंग से पेश करने की कोशिश की गई है.
बादशाह पर केस दर्ज
पुलिस के मुताबिक, इस गाने में महिलाओं और लड़कियों के लिए ऐसी भाषा और शब्दों का इस्तेमाल किया गया है जो बेहद अश्लील और अपमानजनक हैं. इसी के चलते, 6 मार्च को पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित साइबर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और महिलाओं का अश्लील चित्रण (निषेध) अधिनियम, 1986 की धारा 3 और 4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.
हरियाणा पुलिस का पोस्ट
वहीं हरियाणा पुलिस ने इस मामले में अपने सोशल मीडिया हैंडल से पोस्ट किया. जिसमें लिखा, 'आपत्तिजनक गीत 'Tateeree' मामले में हरियाणा पुलिस की सख्त कार्रवाई. गायक आदित्य प्रतिक सिंह सिसोदिया उर्फ बादशाह के खिलाफ FIR दर्ज. आरोपी के खिलाफ Look Out Circular (LOC) जारी कराने की प्रक्रिया शुरू, पुलिस के समक्ष पेश होने के लिए नोटिस जारी. गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. पंचकूला पुलिस ने YouTube से विवादित गाना हटवाया, अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भी वीडियो हटवाने की कार्रवाई जारी. आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वालों पर भी होगी सख्त कानूनी कार्रवाई.'
हरियाणा पुलिस कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस इस विवादित कंटेंट को पूरी तरह से मिटाने में जुट गई है. यूट्यूब से गाना पहले ही हटवाया जा चुका है, और अब अन्य सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को नोटिस जारी कर इससे संबंधित रील्स और शॉर्ट वीडियो हटाने को कहा गया है. पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि यदि कोई भी व्यक्ति इस गाने से जुड़ी रील बनाता है या इसे शेयर करके अश्लीलता फैलाने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.