पंजाब सरकार ने कोविड-19 टेस्ट्स की संख्या बढ़ाने का फैसला किया है. राज्य के स्कूलों में रोजाना 10,000 से अधिक परीक्षण किए. ये फैसला स्कूलों के 26 छात्रों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के कारण लिया गया. स्कूलों में ऑफ़लाइन कक्षाएं खुलने के कुछ ही दिन बाद छात्र पॉजिटिव पाए गए.
मंगलवार को लुधियाना के दो स्कूलों के 20 छात्र कोविड -19 पाए गए. वहीं होशियारपुर में बुधवार को एक सरकारी स्कूल के 6 छात्र कोरोना संक्रमित पाए गए, जिसके बाद सरकार को यह कदम उठाना पड़ा.
बता दें कि पंजाब सरकार ने 2 अगस्त से राज्य में सभी कक्षाओं के लिए स्कूलों को फिर से खोल दिया है. एजेंसी से मिली खबर के अनुसार पंजाब की मुख्य सचिव विनी महाजन ने कोरोना वायरस समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्य के स्कूलों में प्रतिदिन कम से कम 10,000 रिवर्स ट्रांसक्रिप्शन पोलीमरेज़ चेन रिएक्शन (आरटी-पीसीआर) परीक्षण करने के निर्देश जारी किए.
मुख्य सचिव ने उपायुक्तों को यह सुनिश्चित करने के लिए भी कहा कि केवल पूरी तरह से टीकाकरण वाले कर्मचारियों को ही स्कूलों में जाने की अनुमति दी जाए. मुख्य सचिव महाजन ने संबंधित विभागों से आरटी-पीसीआर जांच को तेज करने को कहते हुए कहा कि राज्य में प्रतिदिन 40,000 नमूनों का लक्ष्य हासिल किया जाना चाहिए.
स्कूलों के दोबारा खुलने से कोविड-19 के मामले बढ़े
पंजाब में स्कूलों को कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए 2 अगस्त से ऑफ़लाइन कक्षाओं के लिए फिर से खोल दिया गया था. स्कूलों को फिर से खोलने के लगभग एक सप्ताह बाद, छात्रों को पॉजिटिव पाया गया. माता-पिता और शिक्षकों के लिए ये चिंता का विषय बन गया है.
पंजाब के अलावा, पड़ोसी राज्यों के स्कूलों में छात्रों के पॉजिटिव केसेज दर्ज किए हैं क्योंकि यहां भी ऑफ़लाइन कक्षाएं फिर से शुरू हुई हैं. पिछले एक सप्ताह में हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के स्कूलों के कई छात्रों का परीक्षण पॉजिटिव रहा है. जहां हरियाणा ने 16 जुलाई से वरिष्ठ कक्षाओं (कक्षा 9 से 12) के लिए स्कूल खोले थे, वहीं पंजाब ने 2 अगस्त को प्री-नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक सभी कक्षाओं को अनुमति दी थी.
हिमाचल प्रदेश सरकार ने 9वीं से 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए भी 2 अगस्त से स्कूल खोले थे. हिमाचल प्रदेश में कुल 62 छात्र पिछले दो हफ्तों में कोविड -19 टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए. ऐहतियात के तौर पर, हिमाचल प्रदेश सरकार ने कई जिलों में स्कूलों को बंद करने का फैसला किया है.