डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह 40 दिन की पैरोल खत्म होने के बाद रविवार शाम जेल लौट गए. पुलिस सुरक्षा के बीच शाम करीब पांच बजे वह रोहतक की सुनारिया जेल पहुंचे. उन्हें 5 जनवरी 2026 को 40 दिन की पैरोल मिली थी. यह 2017 में दोषी ठहराए जाने के बाद से 15वीं बार था जब राम रहीम को जेल से बाहर आने की इजाजत दी गई.
इस बार वह पैरोल की पूरी अवधि सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा के मुख्यालय में रहे. राम रहीम 2017 से दो साध्वियों के साथ रेप और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं. उन्हें समय-समय पर पैरोल और फर्लो मिलती रही है. उनकी सबसे नई पैरोल 3 जनवरी को मंजूर हुई थी. लेकिन रिहाई की तारीख को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी.
इससे पहले भी कई बार ऐसा हुआ है जब जेल से बाहर आने के बाद वह उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित डेरे के आश्रम में रहे हैं. राम रहीम पिछली बार पिछले साल अगस्त में 40 दिन की पैरोल पर बाहर आए थे. अगस्त से पहले उन्हें अप्रैल में 21 दिन की फर्लो और जनवरी में 30 दिन की पैरोल मिली थी. 5 फरवरी को दिल्ली चुनाव से पहले भी 30 दिन की राहत दी गई थी.
राम रहीम को 1 अक्टूबर 2024 को हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले 20 दिन की पैरोल मिली थी. अगस्त 2024 में 21 दिन की फर्लो दी गई. इससे पहले 7 फरवरी 2022 से तीन हफ्ते की फर्लो मिली थी, जो पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले की अवधि थी. रेप और मर्डर के दोषी को बार-बार राहत मिलने को लेकर लगातार कड़ी आलोचना भी होती रही है.
डेरा सच्चा सौदा के हरियाणा, पंजाब, राजस्थान समेत कई राज्यों में बड़ी संख्या में अनुयायी हैं. हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, कैथल और हिसार जैसे जिलों में संगठन की मजबूत मौजूदगी मानी जाती है.