कोरोना वायरस के कारण चुनाव आयोग ने राज्यसभा चुनाव को टाल दिया है. राज्यसभा की 55 पर चुनाव का ऐलान किया गया था, जिसमें से 37 सीटों पर प्रत्याशी निर्विरोध जीत गए हैं, लेकिन 18 सीटों के लिए 26 मार्च को मतदान होना था. इसे फिलहाल टाल दिया गया है.
चुनाव आयोग ने मंगलवार बैठक के बाद राज्यसभा चुनाव मतदान को टालने का फैसला किया. चुनाव आयोग का कहना है कि अभी हालात ठीक नहीं हैं, ऐसे में अगर चुनाव होता है तो मतदान एजेंट से लेकर वोटरों का जमावड़ा लगेगा, जो कि गलत है. अभी हर जगह लोगों को इकट्ठा होने से रोका जा रहा है. ऐसे में चुनाव को टाला जाता है.
यहां होना था चुनाव
55 में से 18 सीटों पर मतदान होना था. इसमें गुजरात और आंध्र प्रदेश में चार-चार, राजस्थान और मध्य प्रदेश में तीन-तीन, झारखंड में दो और मणिपुर व मेघालय की एक-एक सीट शामिल है.
शरद पवार समेत 37 निर्विरोध निर्वाचित
राज्यसभा चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख शरद पवार, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह समेत 37 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए थे.
इन प्रदेशों में हुआ निर्विरोध निर्वाचन
महाराष्ट्र से सात, तमिलनाडु से छह, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना से दो-दो, ओडिशा से चार, बिहार और बंगाल से पांच-पांच और एक हिमाचल प्रदेश से है. इसमें से भारतीय जनता पार्टी के हिस्से में सात सीटें आई हैं. उसकी सहयोगी जदयू को दो (बिहार), अन्नाद्रमुक को दो (तमिलनाडु) और बीपीएफ को एक सीट (असम) मिली है. बीजू जनता दल को ओडिशा में चार और तृणमूल कांग्रेस को बंगाल में चार सीटें मिली हैं. तेलंगाना में टीआरएस को दोनों सीटों पर सफलता मिली है.