पिछले कुछ दिनों से व्हाट्सऐप और फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर 5 और 20 रुपये के नये नोट वायरल हो रहे हैं. सब लोग इन नोटों की पहचान किए बिना इसे अपने दोस्तों व सगे-संबंधियों को भेज रहे हैं. इन नोटों में कितनी सच्चाई है. ये हम आपको बता रहे हैं.
पहली बात तो यह है कि फिलहाल भारतीय रिजर्व बैंक ने 5 और 20 रुपये के नये नोट जारी नहीं किए हैं और न ही फिलहाल इन्हें जारी करने को लेकर हाल के दिनों में कोई अधिसूचना ही जारी की है. दूसरी बात हम आपको बता रहे हैं कि ये 5 और 20 रुपये के वायरल नोट कैसे आप भी इन्हें आसानी से पहचान सकते हैं.
5 रुपये के नोट की ये है सच्चाई :
ये जो 5 रुपये का नोट आपको दिखाई दे रहा है. यह नोट फोटोशॉप की मदद से तैयार किया गया है. अगर आप नोट को ध्यान से देखेंगे, तो आपको आसानी से पता चल जाएगा कि इसे 50 रुपये के नोट के फोटो में एडिट कर तैयार किया गया है.
इस नोट में अंक तो 5 रुपये ही लिखा दिख रहा है, लेकिन ऊपर हिंदी में पचास रुपये लिखा है. फोटोशॉप के जरिये 50 रुपये के नोट को 5 रुपये में तब्दील करने वाले व्यक्ति ने शायद इस तरफ ध्यान नहीं दिया.
20 रुपये का नोट :
अब बात करते हैं 20 रुपये के नोट की. इस नोट को जब आप ध्यान से देखेंगे, तो इसमें फोटोशॉप से किया हुआ काम साफ नजर आता है. 2000 रुपये के नोट का रंग बदलकर और एक जीरो हटाकर इसे 20 रुपये बना दिया गया है.
ये भी है फर्क :
यहां नोटों को हाथ में थामने वाले ने पूरा ध्यान रखा है कि हिंदी में लिखा हुआ दो हजार रुपये किसी को नजर न आए, लेकिन एक गलती फिर भी आप पकड़ सकते हैं. नोट में चमकने वाली लाइन ऊपर लिखे गए रुपये को छू रही है, बल्कि आरबीआई की तरफ से जारी किसी भी नोट में ऐसा नहीं है. यह लाइन हिंदी में लिखी वैल्यू से काफी दूर रहती है.
1000 के नोट के बारे में भी जान लीजिए :
फोटोशॉप से एडिट करने वाले शख्स ने 5 रुपये का नोट तैयार करने में जो गलती की है, वही उसने 1000 का नोट तैयार करने में भी की है. इस फोटो को देखेंगे, तो पहली नजर में यह 1000 का ही नोट नजर आता है.
लेकिन नोट को थोड़ा और ध्यान से देखेंगे, तो आपको 1000 रुपये के इस नोट पर हिंदी में 2000 रुपये लिखा हुआ दिख जाएगा. इसके अलावा किनारे पर लिखे 1000 में भी 1 उल्टा लिखा गया है.
अगर आपको भी ऐसे फोटो व्हाट्सऐप या फेसबुक पर मिल रहे हैं, तो इन पर विश्वास मत कीजिए. आपके पास मौजूद नोट असली हैं या नकली, इसका पता आप आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट - paisaboltahai पर पता कर सकते हैं.