भारत ने फिलिस्तीन की संयुक्त राष्ट्र (UN) सदस्यता की दावेदारी का समर्थन किया है और इजरायल और फिलिस्तीन के बीच लंबे समय से चल संघर्ष के समाधान के लिए ‘दो-राष्ट्र समाधान’ (Two-State Solution) की अपनी पुरानी नीति को दोहराया है. विदेश मंत्रालय की सचिव श्रीप्रिया रंगनाथन ने सोमवार को ब्रसेल्स में फिलिस्तीन डोनर ग्रुप की मंत्रिस्तरीय बैठक में भारत की इस स्थिति को स्पष्ट किया.
विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, 'फ़िलिस्तीन डोनर ग्रुप' की बैठक में रंगनाथन ने इस बात पर ज़ोर दिया कि भारत फ़िलिस्तीनी लोगों का लंबे समय से सहयोगी रहा है. उन्होंने 'दो-राष्ट्र समाधान' और संयुक्त राष्ट्र में फ़िलिस्तीन की सदस्यता के लिए भारत का निरंतर समर्थन दोहराया.
मंत्रालय ने बताया कि श्रीप्रिया रंगनाथन ने बैठक में भारत द्वारा फिलिस्तीन को दिए जा रहे विकास सहयोग, क्षमता निर्माण कार्यक्रमों और मानवीय सहायता का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि भारत की परियोजनाएं जरूरतों पर आधारित हैं और मुख्य रूप से स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, क्षमता निर्माण और व्यावसायिक प्रशिक्षण पर केंद्रित हैं.
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि उन्होंने ये भी बताया कि भारत फिलिस्तीन में स्वास्थ्य सेवा, महिला सशक्तिकरण और संस्था-निर्माण से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं पर काम कर रहा है. साथ ही उन्होंने पुनर्वास, स्वास्थ्य, शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण पर केंद्रित कई नई परियोजनाओं की भी घोषणा की.
aajtak.in