प्रयागराज: प्रॉपर्टी डीलर की दिनदहाड़े हत्या, बदमाशों ने ऑफिस में घुसकर कनफटी में मारी गोली

प्रयागराज के नैनी इलाके में प्रॉपर्टी डीलर अजहरुद्दीन की उसके ऑफिस में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई. हमलावर वैगन आर कार से आए थे और कनपटी पर बेहद नजदीक से गोली मारकर फरार हो गए. इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है.

Advertisement
प्रॉपर्टी डीलर अजहरुद्दीन, जिसकी ऑफिस में घुसकर की गई हत्या. (File Photo: Pankaj Srivastava/ITG) प्रॉपर्टी डीलर अजहरुद्दीन, जिसकी ऑफिस में घुसकर की गई हत्या. (File Photo: Pankaj Srivastava/ITG)

पंकज श्रीवास्तव

  • प्रयागराज,
  • 18 मई 2026,
  • अपडेटेड 6:57 AM IST

प्रयागराज के नैनी इलाके में रविवार को उस समय दहशत फैल गई, जब दिनदहाड़े एक प्रॉपर्टी डीलर की उसके ही ऑफिस में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह वारदात प्रयागराज के नैनी क्षेत्र में मड़ौका स्थित लगन बिहार गेस्ट हाउस के पास हुई. जहां अजहरुद्दीन नामक प्रॉपर्टी डीलर अपने ऑफिस में मौजूद था.

ऑफिस में घुसकर कनपटी में मारी गोली
घटना के समय अजहरुद्दीन अपने ऑफिस में काम कर रहा था, तभी एक वैगन आर कार में सवार होकर चार हमलावर मौके पर पहुंचे. बताया जा रहा है कि सभी आरोपी सीधे ऑफिस में घुसे और बिना किसी बहस के नजदीक से अजहरुद्दीन की कनपटी पर गोली मार दी. गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर फरार हो गए.

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई.

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक अजहरुद्दीन महेवा पुरवा क्षेत्र का रहने वाला था और लंबे समय से प्रॉपर्टी डीलिंग का काम कर रहा था. प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि उसका अरविंद भारती नामक युवक के साथ जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था. पुलिस को आशंका है कि यह हत्या उसी विवाद का परिणाम हो सकती है, हालांकि सभी संभावित एंगल पर जांच की जा रही है.

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्होंने वारदात को इतने शातिर तरीके से अंजाम दिया कि प्रॉपर्टी डीलर को संभलने का मौका भी नहीं मिला. फिलहाल पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं. डीसीपी यमुना पार विवेक चंद यादव का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

Advertisement

इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. साथ ही दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल भी खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement