महोबा: लाखों की लागत से बनी टंकी पानी भरते ही दरक गई! अधिकारियों ने नकारा

महोबा में जल जीवन मिशन की टंकी पहली बार भरने पर दरक गई, जिससे दीवारों से पानी रिसने लगा. ग्रामीणों ने घटिया निर्माण का आरोप लगाते हुए वीडियो वायरल किया है. ग्राम प्रधान ने जिलाधिकारी से शिकायत की है, जबकि अधिकारी इसे ओवरफ्लो बताकर तकनीकी खराबी से इनकार कर रहे हैं.

Advertisement
इस पानी की टंकी को बने साल भर भी नहीं हुए (Photo- Screengrab) इस पानी की टंकी को बने साल भर भी नहीं हुए (Photo- Screengrab)

नाह‍िद अंसारी

  • महोबा ,
  • 16 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 2:48 PM IST

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के जैतपुर ब्लॉक अंतर्गत नगारा डांग गांव में जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी पहली बार पूरी भरने पर दरक गई. आरोप है कि घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग के कारण टंकी की दीवारों से पानी का रिसाव होने लगा और वह फटने की कगार पर पहुंच गई. ग्रामीणों ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है. ग्राम प्रधान गायत्री ने जिलाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर जांच की मांग की है. उन्होंने दावा किया कि 2025 में तैयार हुई इस परियोजना ने उद्घाटन से पहले ही दम तोड़ दिया है.

Advertisement

हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि टंकी में कोई दिक्क्त नहीं थी, पानी ओवरफ्लो की वजह लीक हो रहा था. क्वालिटी की जांच थर्ड पार्टी ने की थी. पिछले 10 महीने से इसके जरिये 10 गांवों में जल आपूर्ति  हो रही है. 

विधायक की शिकायत के बाद सामने आई हकीकत

हाल ही में चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह का रास्ता रोककर 'हर घर नल योजना' में हो रही लापरवाही की शिकायत की थी. सरकारी दावों और जमीनी हकीकत के बीच की यह 'दरार' अब शासन तक गूंज रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने निर्माण के दौरान मानकों को ताक पर रखकर काम किया है.

ये भी पढ़ें- VIDEO: योगी सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव से भिड़े BJP विधायक ब्रजभूषण... सरेआम जमकर हुई नोकझोंक

करोड़ों की योजना में लापरवाही 

Advertisement

ग्रामीणों के अनुसार, यह टंकी अब एक 'सफेद हाथी' बनकर रह गई है. ग्रामीण पूरन और सुशीला का कहना है कि एक तरफ टंकी से पानी बर्बाद हो रहा है, तो दूसरी तरफ आधे गांव की प्यास नहीं बुझ रही है. पाइपलाइन बिछाने और निर्माण का कार्य इतने दोयम दर्जे का है कि घरों में लगे नल सिर्फ शोपीस बनकर रह गए हैं. पानी की सप्लाई सुचारू रूप से न होने के कारण जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है.

दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

नगारा डांग की ग्राम प्रधान ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में स्पष्ट किया है कि निर्माण में बरती गई अनियमितताओं की जांच जरूरी है. ग्रामीण प्रकाश राजपूत और अन्य निवासियों ने मांग की है कि इस टंकी को जल्द दुरुस्त किया जाए और जनता के पैसे की बर्बादी करने वाले दोषियों पर सख्त एक्शन लिया जाए. करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी अगर लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़े, तो प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठना लाजिमी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement