लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 29 अक्टूबर को भारत और इंग्लैंड (India Vs England Match) के बीच क्रिकेट वर्ल्ड कप का मैच खेला जाएगा. उसी दिन उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा (PET) भी होनी है. ऐसे में किस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी की ड्यूटी कहां लगाई जाए इसको लेकर दो विभागों में तनातनी हो गई.
दरअसल, लखनऊ में मैच को लेकर प्रशासन की ओर से एक विभाग के तमाम अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी इकाना स्टेडियम में लगा दी गई. जबकि, दूसरे विभाग के लोगों की ड्यूटी PET एग्जाम को सम्पन्न कराने में लगा दी गई. इसी को लेकर दो विभागों में खींचतान देखने को मिल रही है. हालांकि, मामले में किसी बड़े अधिकारी का बयान नहीं आया.
चर्चा का विषय बना पूरा मामला
बताया जा रहा है कि SDM, ADM, तहसीलदार, कानूनगो और लेखपाल की ड्यूटी इकाना स्टेडियम में लगाई गई है. जबकि, PET एग्जाम के लिए जेई और एई की तैनाती की गई है. PET एग्जाम के लिए मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग, जूनियर इंजीनियर सहित अन्य लोगों की ड्यूटी लगाई गई है. जिसको लेकर कर्मचारियों में रोष है. दबी जुबान से उनका कहना है कि प्रशासन ने मैच देखने के लिए अपने कर्मचारियों की ड्यूटी स्टेडियम में लगवाई है. इस मामले की चर्चा लोकल ग्रुप्स में भी है.
दावा किया जा रहा है कि की लखनऊ डीएम ने नायाब तहसीलदार से लेकर तहसीलदार, एडीएम, लेखपाल की ड्यूटी भारत और इंग्लैंड के मैच के दौरान इकाना स्टेडियम में लगाई है. वहीं, उसी दिन से PET एग्जाम में जबरदस्ती इंजीनियर, मत्स विभाग, जिला उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है. प्रशासन ने बिना जरुरत के अपने अधिकारियों की डयूटी स्टेडियम में लगा दी.
आशीष श्रीवास्तव