वैलेंटाइन डे का दिन था. शहर में हर तरफ प्रेम के इजहार की बातें हो रही थीं, लेकिन हापुड़ के मेरठ रोड पुल पर एक अलग ही कहानी लिखी जा रही थी. दोपहर का वक्त था, सड़क पर रोज की तरह आवाजाही चल रही थी. तभी एक युवक की नजर अचानक अपनी पत्नी पर पड़ी, जो एक बाइक पर किसी दूसरे युवक के साथ बैठी थी.
तीनों के बीच शुरू हुई मारपीट
एक पल के लिए वह ठिठक गया. यकीन करना मुश्किल था, लेकिन सामने का दृश्य साफ था. गुस्से से भरा वह तेजी से बाइक के पास पहुंचा और दोनों को रोक लिया. पहले तीखी बहस शुरू हुई. शब्दों के वार तेज होते गए और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया. सड़क के बीचोंबीच पति, पत्नी और कथित प्रेमी के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई.
लोगों ने वीडियो बनाना शुरू किया
आसपास गुजर रहे लोग रुक गए. कुछ ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो कुछ ने मोबाइल निकालकर वीडियो बनाना शुरू कर दिया. कुछ ही मिनटों में वहां भीड़ जमा हो गई. सड़क पर हंगामा मच गया, ट्रैफिक की रफ्तार थम सी गई. गुस्से, आंसुओं और आरोपों के बीच माहौल तनावपूर्ण हो उठा.
सड़क पर खुलेआम टूटते रिश्ते की कहानी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. काफी समझाने-बुझाने के बाद तीनों को अलग किया गया और थाने ले जाया गया. पुलिस ने शांति भंग की आशंका में कार्रवाई शुरू की. वैलेंटाइन डे, जो कई लोगों के लिए प्रेम का प्रतीक था, इस दंपति के लिए सड़क पर खुलेआम टूटते रिश्ते की कहानी बन गया.
aajtak.in