उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद शहर के चर्चित तनिष्क शोरूम में हुई चार करोड़ रुपये से अधिक की चोरी के मामले में पुलिस जांच ने रिश्तों और लालच की ऐसी कहानी उजागर की है जिसने सभी को चौंका दिया है. इस सनसनीखेज वारदात का मास्टरमाइंड शोरूम का ही कर्मचारी निकला, जिसने अपनी प्रेमिका और पिता के साथ मिलकर करोड़ों रुपये के आभूषण उड़ाने की साजिश रची. थाना कविनगर पुलिस और नगर जोन स्वाट टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा कर दिया है.
पुलिस के अनुसार तनिष्क शोरूम में कार्यरत नितिन वर्मा की नजर लंबे समय से शोरूम में रखे करोड़ों रुपये के सोने के आभूषणों पर थी. ऐशो-आराम और जल्दी अमीर बनने की चाहत में उसने अपनी प्रेमिका काजल और पिता संजय वर्मा को योजना में शामिल किया. इसके बाद तीनों ने मिलकर शोरूम से जेवरात चोरी करने की विस्तृत रणनीति तैयार की.
साजिश के तहत नितिन ने पहले शोरूम के कर्मचारियों का भरोसा जीता और फिर अपनी शादी तय होने की खुशी का बहाना बनाकर पार्टी आयोजित की. इसी दौरान कैशियर को नशे की हालत में पहुंचाकर उसकी चाबियां चोरी कर ली गईं. अगले दिन सुबह शोरूम का ताला खोलकर करोड़ों रुपये के आभूषण निकाल लिए गए और उन्हें अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया गया.
जांच में सामने आया कि चोरी के बाद आभूषणों का बंटवारा किया गया था. नितिन की प्रेमिका काजल भी इस पूरी साजिश में सक्रिय रूप से शामिल थी. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उसके हिस्से में आए जेवरात भी बरामद कर लिए गए हैं. पूछताछ में काजल ने स्वीकार किया कि उसे चोरी की योजना की पूरी जानकारी थी और वह शुरुआत से ही इसमें शामिल थी. यही वजह रही कि पुलिस ने उसे भी मुख्य आरोपियों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है.
पुलिस का कहना है कि यह केवल चोरी नहीं बल्कि विश्वासघात का मामला भी है. शोरूम का कर्मचारी होने के नाते उस पर करोड़ों रुपये के आभूषणों की सुरक्षा का भरोसा था, उसी ने अपने सबसे करीबी रिश्तों के साथ मिलकर शोरूम को निशाना बना लिया. मामले में गिरफ्तार पिता-पुत्र और प्रेमिका की तिकड़ी ने पुलिस पूछताछ में चोरी की साजिश की पुष्टि की है.
कविनगर पुलिस और स्वाट टीम ने आरोपियों के कब्जे से करीब दो किलोग्राम सोने के आभूषण, 6.5 लाख रुपये नकद, एक अवैध तमंचा और छह कारतूस बरामद किए हैं. बरामद माल की कीमत 3 करोड़ 16 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि चोरी गई ज्वैलरी की कुल कीमत चार करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है. साथ ही चोरी के शेष आभूषणों की बरामदगी के लिए भी विशेष टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं.
मयंक गौड़