लखनऊ: वकीलों के समर्थन में उतरे अखिलेश, पुलिस के लाठीचार्ज पर भड़के, कह दी ये बात

लखनऊ के वजीरगंज इलाके में रविवार को नगर निगम ने हाईकोर्ट के आदेश पर वकीलों के अवैध चैंबरों को ध्वस्त कर दिया. इस कार्रवाई का विरोध कर रहे वकीलों को हटाने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया, जिसकी समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कड़ी निंदा की है.

Advertisement
अखिलेश यादव ने वकीलों पर लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की (Photo- Screengrab) अखिलेश यादव ने वकीलों पर लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की (Photo- Screengrab)

aajtak.in

  • लखनऊ ,
  • 18 मई 2026,
  • अपडेटेड 9:23 AM IST

लखनऊ नगर निगम की टीम ने रविवार को वजीरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत अदालत परिसर और उसके आसपास अवैध अतिक्रमण के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया. इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ के आदेशों के अनुपालन में प्रशासन ने वहां बने वकीलों के 'अवैध चैंबरों' को ध्वस्त कर दिया. इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था. कार्रवाई का विरोध कर रहे वकीलों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया, जिसके बाद अतिक्रमण हटाने का काम पूरा हुआ.

Advertisement

अखिलेश यादव ने की लाठीचार्ज की निंदा

इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसे 'अन्याय' करार दिया. उन्होंने कहा कि वकीलों के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना उनके चैंबरों को तोड़ना और उन पर लाठीचार्ज करना बेहद आपत्तिजनक और निंदनीय है. 

सपा अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि अगर वकील खुद अन्याय के शिकार होंगे, तो आम नागरिकों को न्याय कैसे मिलेगा. अखिलेश यादव ने लाठीचार्ज में घायल हुए वकीलों के लिए मुफ्त इलाज और काम के नुकसान के मुआवजे की मांग की है.

बीजेपी पर साधा निशाना

सपा प्रमुख ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई के दौरान अंग्रेजों को भगाने वाले वकील इस मानसिकता से नहीं डरेंगे. उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश भर के वकील भाजपा नेताओं के घरों, दुकानों और कार्यालयों के नक्शों और रिकॉर्ड की कानूनी स्थिति का पता लगाएंगे और अवैध निर्माणों को गिराने के लिए याचिकाएं दायर करेंगे. फिलहाल पुलिस के अनुसार स्थिति पूरी तरह सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर मौके पर अतिरिक्त बल तैनात रखा गया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement