जापान में इन दिनों एक ऐसा मामला चर्चा में है, जिसे सुनकर शायद आप भी हैरान रह जाए. यहां न किसी बड़े कानून को लेकर विवाद है और न ही किसी नई तकनीक को लेकर, बल्कि बहस छिड़ी है पुरुषों के पैरों के बालों को लेकर. सोशल मीडिया पर लोग इसे 'लेग हेयर हैरेसमेंट' यानी 'पैरों के बालों से होने वाली परेशानी' कह रहे हैं. यह मामला अब पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बन गया है. जापान में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है. कई शहरों में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है. ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत देने और एयर कंडीशनर का कम इस्तेमाल करने के लिए टोक्यो प्रशासन ने कर्मचारियों को ऑफिस में हल्के और आरामदायक कपड़े पहनने की सलाह दी है.
इसी अभियान के तहत पुरुष कर्मचारियों को पहली बार ऑफिस में शॉर्ट्स पहनकर आने की भी परमिशन दी गई. यह कदम कर्मचारियों को गर्मी से बचाने और बिजली की बचत करने के लिए उठाया गया है. यह पहल जापान के लंबे समय से चल रहे 'कूल बिज' अभियान का हिस्सा है.
फिर विवाद कैसे शुरू हो गया?
जैसे ही पुरुष शॉर्ट्स पहनकर ऑफिस आने लगे, सोशल मीडिया पर कुछ महिलाओं ने अपनी नाराजगी जाहिर करनी शुरू कर दी. उनका कहना है कि ऑफिस में पुरुषों के पैरों के बाल देखकर उन्हें असहज महसूस होता है. कुछ महिलाओं ने मजाकिया अंदाज में इसे 'सुनेहारा' नाम दिया, जिसका मतलब है 'लेग हेयर हैरेसमेंट'. हालांकि यह कोई कानूनी अपराध नहीं है. यह सिर्फ सोशल मीडिया पर इस्तेमाल किया जाने वाला एक शब्द है, जो अब चर्चा का विषय बन गया है.
महिलाओं की शिकायत क्या है?
कई महिलाओं का कहना है कि उनके लिए आज भी ऑफिस में ड्रेस कोड काफी सख्त है. कई जगह उन्हें स्टॉकिंग्स या टाइट्स पहनने पड़ते हैं. प्रोफेशनल दिखने के लिए मेकअप और ग्रूमिंग पर भी ध्यान देना पड़ता है. लेकिन पुरुषों को अब शॉर्ट्स पहनने की छूट मिल गई है. कुछ महिलाओं का कहना है कि अगर पुरुष आरामदायक कपड़े पहन सकते हैं तो महिलाओं के लिए भी ड्रेस कोड में ऐसी ही छूट होनी चाहिए. उनका मानना है कि नियम सभी के लिए बराबर होने चाहिए.
इस मुद्दे पर एक सर्वे भी किया गया. करीब 800 लोगों से राय ली गई. 53.5 फीसदी लोगों ने कहा कि ऑफिस में पुरुषों को शॉर्ट्स नहीं पहनने चाहिए. जबकि 46.5 फीसदी लोगों ने इसका समर्थन किया. यानी लोगों की राय लगभग बराबर बंटी हुई है. कुछ लोगों का मानना है कि गर्मी में आराम सबसे जरूरी है, जबकि कुछ का कहना है कि ऑफिस में प्रोफेशनल लुक भी बनाए रखना चाहिए.
कुछ पुरुषों ने निकाला नया तरीका
इस बहस के बाद जापान में कुछ पुरुषों ने एक अलग रास्ता अपनाया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई लोग लेजर हेयर रिमूवल कराने लगे हैं, ताकि अगर वे शॉर्ट्स पहने तो पैरों के बाल दिखाई न दें और किसी को आपत्ति न हो. इसे कुछ लोग ऑफिस एटीकेट यानी वर्क कल्चर हिस्सा भी मान रहे हैं. असल में यह विवाद सिर्फ पैरों के बालों का नहीं है. यह बहस इस बात पर है कि ऑफिस में ड्रेस कोड कैसा होना चाहिए? क्या पुरुष और महिलाओं के लिए नियम अलग-अलग होने चाहिए? क्या बढ़ती गर्मी को देखते हुए पुराने नियम बदलने चाहिए? और क्या प्रोफेशनल दिखने का मतलब आज भी वही है जो कई साल पहले था? यही वजह है कि यह मामला जापान से निकलकर दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गया है.
aajtak.in