सच्चा प्यार कैसा होता है? शेरो-शायरी में इसका जिक्र मिलता है, फिल्मों में इसकी कहानियां दिखाई जाती हैं. लेकिन सच्चे प्यार की परिभाषा शायद प्यार करने वाले भी शब्दों में नहीं बता पाते. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो देखकर लोग यही कह रहे हैं कि अगर सच्चा प्यार होता है, तो शायद ऐसा ही होता है.
बेंगलुरु के एक बुजुर्ग ऑटो ड्राइवर का वीडियो इन दिनों खूब वायरल हो रहा है. उनके ऑटो की स्टीयरिंग के सामने बेले के फूलों की माला टंगी रहती है. पत्नी के निधन को आठ साल बीत चुके हैं, लेकिन वह आज भी हर सुबह उनके लिए ताजे फूल खरीदते हैं और ऑटो चलाने से पहले उनकी तस्वीर पर चढ़ाते हैं.
इस भावुक कहानी को इंस्टाग्राम कंटेंट क्रिएटर आशीष मैथ्यू ने शेयर किया है. वीडियो की शुरुआत बेंगलुरु के इंदिरानगर इलाके के एक ट्रैफिक सिग्नल से होती है, जहां उन्होंने एक बुजुर्ग ऑटो ड्राइवर को अपने ऑटो के अंदर बड़े प्यार से फूल सजाते हुए देखा. जिज्ञासा होने पर उन्होंने ड्राइवर से बात की.
देखें वीडियो
बातचीत के दौरान ड्राइवर ने ऑटो में लगी तस्वीर की ओर इशारा करते हुए बताया कि वह उनकी दिवंगत पत्नी की फोटो है. उनकी पत्नी का आठ साल पहले निधन हो गया था, लेकिन वह आज भी हर दिन उन्हें याद करते हैं. बेले के फूल चढ़ाना उनके लिए पत्नी की यादों को संजोने और उन्हें श्रद्धांजलि देने का एक तरीका है.
ऑटो के अंदर पत्नी की कई तस्वीरें लगी हैं, जिन्होंने इस ऑटो को उनकी यादों का एक चलता-फिरता स्मारक बना दिया है. ड्राइवर ने बताया कि उनका बेटा, बहू और छह पोते-पोतियां हैं. परिवार साथ है, लेकिन पत्नी की कमी आज भी उन्हें हर दिन महसूस होती है.
उन्होंने यह भी बताया कि बेटे ने कई बार उन्हें ऑटो चलाना छोड़कर घर पर आराम करने के लिए कहा, लेकिन वह अब भी रोज ऑटो लेकर निकलते हैं. उनका मानना है कि नए लोगों से मिलना और काम में व्यस्त रहना उन्हें पत्नी के बिछड़ने के दर्द से उबरने में मदद करता है.
'यही सच्चे प्यार का मतलब है'
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. एक यूजर ने लिखा कि यही सच्चे प्यार का मतलब है. दूसरे यूजर ने कहा कि पत्नी के जाने के बाद भी उनके लिए रोज फूल खरीदना दिल छू लेने वाला है. वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि ये सिर्फ प्यार नहीं, बल्कि जीवनभर निभाया गया साथ है.
aajtak.in