बेंगलुरु में किराए पर घर ढूंढना पहले से ही आसान नहीं माना जाता. हाल ही में एक फ्लैट देखने पहुंचीं दो युवतियों के साथ कुछ ऐसा हुआ, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी. इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दोनों को फ्लैट की बालकनी में पूरी तरह इस्तेमाल करने लायक टॉयलेट लगा दिखाई देता है.
यह वीडियो इंस्टाग्राम यूजर त्रिशा (Thrisha) ने शेयर किया है. वीडियो में वह अपनी दोस्त के साथ किराए का घर देखने पहुंची थीं. शुरुआत में सब कुछ सामान्य नजर आता है, लेकिन जैसे ही दोनों बालकनी में पहुंचती हैं, वहां का नजारा देखकर उनकी हैरानी साफ दिखाई देती है.
बालकनी में लगा था टॉयलेट
वीडियो में देखा जा सकता है कि बालकनी में पौधे या बैठने की जगह की बजाय एक टॉयलेट सीट लगी हुई है. वीडियो में लिखा है कि रुकिए, पहले देखिए बालकनी में क्या है. इसके बाद कैमरा बालकनी की ओर घूमता है और वहां टॉयलेट दिखाई देता है.
'सुबह की चाय और बगल में टॉयलेट'
वीडियो वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह के मजेदार कमेंट कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि बेंगलुरु के मकान मालिक हर दिन नया लेवल अनलॉक कर रहे हैं. दूसरे ने मजाक करते हुए कहा कि ये बालकनी नहीं, व्यू वाला बाथरूम है.वहीं किसी ने लिखा कि सोचिए, सुबह की चाय पी रहे हों और बगल में टॉयलेट हो. वहीं एक यूजर ने बेंगलुरु के रेंटल मार्केट पर तंज कसते हुए लिखा कि यहां घर ढूंढने के लिए सिर्फ पैसे नहीं, मजबूत दिल भी चाहिए.
देखें वीडियो
किराए के घरों को लेकर फिर छिड़ी बहस
वीडियो के वायरल होने के बाद बेंगलुरु के महंगे किराए और अजीबोगरीब फ्लैट डिजाइनों पर फिर चर्चा शुरू हो गई है. कई लोगों ने मजाक में कहा कि मकान मालिक इसे 'ओपन एयर बाथरूम' या 'प्रीमियम वेंटिलेशन' जैसी सुविधा बताकर किराया बढ़ा सकते हैं.
हालांकि यह साफ नहीं है कि बालकनी में टॉयलेट किस वजह से बनाया गया था, लेकिन इस वीडियो ने एक बार फिर बेंगलुरु के रेंटल मार्केट को सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना दिया है.
aajtak.in