'फ्लेमिंग भी धोनी को ड्रॉप नहीं कर सकते...', चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व स्टार का बड़ा दावा

टीम इंडिया के पूर्व कैप्टन महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार आईपीएल खिताब जीता. एमएस धोनी आगामी आईपीएल सीजन में भी सीएसके के लिए धूम मचाने जा रहे हैं.

Advertisement
चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी (Photo: Getty) चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी (Photo: Getty)

aajtak.in

  • चेन्नई,
  • 13 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:16 PM IST

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन में एक बार फिर फैन्स की नजरें महेंद्र सिंह धोनी पर रहने वाली हैं. टीम इंडिया के पूर्व कप्तान धोनी आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए मैदान पर उतरेंगे. सीएसके के सीईओ काशी विश्वनाथन पहले ही साफ कर चुके हैं कि धोनी पूरे सीजन के लिए उपलब्ध रहेंगे. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि प्लेइंग इलेवन में धोनी की भूमिका क्या होगी, इसका अंतिम फैसला टीम मैनेजमेंट लेगा.

Advertisement

यह देखना दिलचस्प होगा कि एमएस धोनी विकेटकीपर के तौर पर खेलेंगे या फिर उन्हें इम्पैक्ट प्लेयर की भूमिका में इस्तेमाल किया जाएगा. आईपीएल 2025 में धोनी का प्रदर्शन सीमित, लेकिन उपयोगी रहा था. उन्होंने 14 मैचों में 196 रन बनाए. इस दौरान उनका औसत 24.50 और स्ट्राइक रेट 135.17 रहा. धोनी ज्यादातर मौके पर निचले क्रम में बल्लेबाजी करने आए और आखिरी ओवरों में टीम के लिए तेजी से रन बनाने का काम किया.

यह भी पढ़ें: कपिल, धोनी, रोहित या सूर्या? जब-जब भारत बना वर्ल्ड चैम्पियन, कप्तानों का कैसा रहा प्रदर्शन

भारत और सीएसके के पूर्व बल्लेबाज सुब्रमण्यम बद्रीनाथ का मानना है कि सीएसके मैनेजमेंट के लिए धोनी को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखना लगभग असंभव होगा. बद्रीनाथ ने कहा कि टीम के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग के लिए धोनी को लेकर निर्णय लेना बेहद मुश्किल होगा. बद्रीनाथ का मानना है कि धोनी के कद और टीम में उनकी अहमियत को देखते हुए उन्हें सिर्फ इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर इस्तेमाल करना भी आसान फैसला नहीं होगा.

Advertisement

'धोनी को ड्रॉप करने की हिम्मत नहीं'
सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'मुझे नहीं पता कि यह प्रशासनिक फैसला है या नहीं, सीईओ ने कहा था कि धोनी सभी मैच खेलने के लिए तैयार हैं. उन्होंने यह भी कहा था कि वह रणनीतिक फैसले का समर्थन करेंगे. लेकिन क्या स्टीफन फ्लेमिंग जाकर धोनी से कह सकते हैं कि आप यह मैच नहीं खेलेंगे? मुझे नहीं लगता कि उनके पास ऐसा करने का कोई मौका है. आखिर वह कैसे जाकर धोनी से कहेंगे कि आपको ड्रॉप किया जा रहा है? मुझे तो लगता है कि यह बिल्कुल संभव नहीं है.'

सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने आगे कहा, 'मुझे नहीं लगता कि दुनिया का कोई भी स्पोर्ट स्टाफ और यहां तक फ्लेमिंग भी धोनी से जाकर यह कह सकते हैं कि आप यह मैच नहीं खेलेंगे या आप इम्पैक्ट प्लेयर हैं. मैं नहीं समझता हूं कि ऐसा संभव है. उनकी हैसियत को देखते हुए यह फैसला लेना बेहद मुश्किल होगा.'

ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल 2026 में हर मैच खेलेंगे. सुब्रमण्यम बद्रीनाथ का मानना है कि परिस्थितियों को देखते हुए यह लगभग तय है कि धोनी पूरे सीजन में मैदान पर नजर आ सकते हैं क्योंकि सीएसके के लिए उनका अनुभव और नेतृत्व अभी भी बेहद अहम है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement