इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है. टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ आज (शनिवार) शाम साढ़े सात बजे से होने वाले मुकाबले में वापसी के लिए तैयार हैं. यह मैच जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में खेला जाएगा.
कमिंस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी वापसी लगभग कन्फर्म कर दी है. उन्होंने लिखा- काफी समय हो गया, कल मैदान पर लौटने का इंतजार है. इससे साफ है कि वह इस सीजन का पहला मैच खेलने जा रहे हैं.
कमिंस जुलाई 2025 में लगी पीठ की चोट से उबर रहे थे, जिसके चलते वह IPL 2026 के पहले 7 मुकाबलों में नहीं खेल पाए. हालांकि, वह 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ टीम से जुड़े थे, लेकिन फिटनेस क्लीयरेंस नहीं मिली थी. इसके बाद वह अप्रैल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया लौटे, जहां स्कैन के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें फिट घोषित किया.
भारत लौटने के बावजूद कमिंस ने चेन्नई सुपर किंग्स (18 अप्रैल) और दिल्ली कैपिटलस (21 अप्रैल) के खिलाफ मैच मिस किए. टीम मैनेजमेंट उन्हें पूरी तरह मैच-फिट करना चाहता था, और अब वह खेलने के लिए तैयार हैं.
तो SRH के टीम कॉम्बिनेशन में बदलाव तय?
कमिंस की वापसी के साथ SRH की प्लेइंग XI में बदलाव तय है. एक विदेशी खिलाड़ी को बाहर बैठना पड़ेगा और इस रेस में श्रीलंका के तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका का नाम सबसे आगे है. हालांकि उन्होंने डेब्यू मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन ट्रेविस हेड, हेनरिक क्लासेन और ईशान मलिंग जैसे खिलाड़ी फिलहाल टीम के लिए अहम हैं.
SRH की कप्तानी कौन करेगा
कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान किशन ने टीम की कमान संभाली और 7 में से 4 मैच जिताए. शुरुआत में SRH ने 4 में से 3 मैच गंवाए, लेकिन किश की कप्तानी में टीम ने वापसी की.
भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच संजय बांगर ने किशन की कप्तानी की जमकर तारीफ की है. उनका मानना है कि किशन को गेंदबाजों का इस्तेमाल बेहद समझदारी से करते हैं और मैदान पर बिल्कुल दबाव में नहीं दिखते.
बांगर ने कहा कि कमिंस की वापसी के बावजूद ईशान किशन को कप्तानी जारी रखनी चाहिए. उनकी रणनीति और शांत स्वभाव टीम के लिए फायदेमंद है.
क्या होगा SRH का फैसला?
कमिंस की फिटनेस अभी भी पूरी तरह परखी जानी बाकी है, क्योंकि उन्होंने पिछले 9 महीनों में सिर्फ एक मैच खेला है. ऐसे में टीम मैनेजमेंट उनके वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए कप्तानी में बदलाव से बच सकता है.
इसके अलावा कमिंस खुद भी टीम के अंदर लीडरशिप शेयर करने के लिए जाने जाते हैं. वह पहले भी स्टीव स्मिथ से सलाह लेते रहे हैं और मिचेल मार्श की कप्तानी में खेल चुके हैं.
यानी साफ है कि SRH के पास फिलहाल दो मजबूत लीडर हैं, कमिंस और किशन, और टीम के लिए यह स्थिति फायदे का सौदा साबित हो सकती है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क