इमरान खान के नाम पर स्टेडियम में हंगामा! फैन की एंट्री रोकी, फिर यू-टर्न लेने को मजबूर हुआ क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया

इमरान खान के नाम पर स्टेडियम में बड़ा हंगामा देखने को मिला, जब एक फैन को अंदर जाने से रोक दिया गया. मेलबर्न में खेले जा रहे मैच के दौरान इस फैसले ने तुरंत विवाद खड़ा कर दिया. हालांकि मामला बढ़ने के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को यू-टर्न लेना पड़ा.

Advertisement
 इमरान खान की कप्तानी में पाकिस्तान ने 1992 विश्व कप जीता था. (Photo: ITG) इमरान खान की कप्तानी में पाकिस्तान ने 1992 विश्व कप जीता था. (Photo: ITG)

aajtak.in

  • मेलबर्न,
  • 27 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 11:37 AM IST

विक्टोरिया और साउथ ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे शेफील्ड शील्ड 2025-26 के फाइनल के दौरान एक मामूली टीशर्ट ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया. 'फ्री इमरान खान' लिखी टी-शर्ट पहनने पर एक फैन को मेलबर्न के स्टेडियम में घुसने से रोक दिया गया, लेकिन मामला बढ़ते ही क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) को अपना फैसला बदलना पड़ा.

जंक्शन ओवल में खेले जा रहे इस मुकाबले के पहले दिन ल्यूक ब्राउन नाम के फैन को सुरक्षा कर्मियों ने रोक दिया. वजह थी उनकी टी-शर्ट, जिस पर इमरान खान के समर्थन में संदेश लिखा था. अधिकारियों ने इसे राजनीतिक बयान मानते हुए उन्हें एंट्री देने से इनकार कर दिया और टीशर्ट ढकने को कहा.

Advertisement

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने सफाई में क्या कहा?
हालांकि, मामला जैसे ही सोशल मीडिया और क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बना, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने तुरंत दखल दिया. समीक्षा के बाद बोर्ड ने साफ किया कि यह कोई राजनीतिक नहीं बल्कि मानवीय मुद्दा है और ऐसे में फैन को एंट्री से रोकना उचित नहीं था.

इसके बाद ल्यूक ब्राउन को स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति दे दी गई. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के एक प्रवक्ता ने सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड को बताया कि सुरक्षा कर्मियों ने नियमों के तहत ही कार्रवाई की थी, लेकिन स्थिति को समझने के बाद फैसला बदला गया.

इमरान खान के समर्थक ल्यूक ब्राउन. (Photo: The Sydney Morning Herald)

इस पूरे घटनाक्रम पर फैन ल्यूक ब्राउन ने कहा कि वह शुरुआत में इस फैसले से हैरान थे, लेकिन बाद में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के रुख की सराहना की. उन्होंने कहा कि क्रिकेट समुदाय को इमरान खान के समर्थन में खड़ा होना चाहिए.

Advertisement

गौरतलब है कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और दिग्गज क्रिकेटर इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं. इमरान भ्रष्टाचार से जुड़े कई मामलों में सजा काट रहे हैं. हाल ही में उन्हें और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को एक अन्य मामले में भी सजा सुनाई गई, जिससे उनकी कानूनी मुश्किलें और बढ़ गई हैं

इस घटना के बाद एक बार फिर यह सवाल उठ खड़ा हुआ है कि क्या खेल के मैदान पर किसी खिलाड़ी या व्यक्ति के समर्थन में आवाज उठाना राजनीतिक माना जाना चाहिए? क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के यू-टर्न ने फिलहाल विवाद को शांत जरूर कर दिया है, लेकिन इसने खेल और अभिव्यक्ति की आजादी के बीच संतुलन पर नई बहस छेड़ दी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement